देश

गणेश विसर्जन की खुशियां मातम में बदलीं, सड़क हादसे में चार की मौत

हैदराबाद के पलामाकुला में सड़क हादसा

हैदराबाद,एजेंसी। तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के पास शनिवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। दुर्घटना पलामाकुला गांव के पास हुई, जहां गणेश विसर्जन के बाद लौट रही इनोवा कार हादसे का शिकार हो गई। हादसे में कार चालक सबावथ अशोक गंभीर रूप से घायल हुआ है।

शमशाबाद पुलिस के अनुसार, कार में सवार सभी लोग महबूबनगर स्थित अपने पैतृक गांव से गणेश विसर्जन कार्यक्रम में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। पलामाकुला गांव के पास अचानक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा इतना भीषण था कि वाहन में सवार चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

मृतकों की पहचान केथावत लिम्ब्या (54), उनकी पत्नी केथावत जमुना (45), कट्रावत मानसिंह (48) और केथावत वासरम (45) के रूप में हुई है। इनमें लिम्ब्या, मानसिंह और वासरम व्यवसाय करते थे, जबकि जमुना गृहणी थीं। दुर्घटना में वाहन चला रहे सबावथ अशोक को गंभीर चोटें आई हैं। हादसे के बाद पुलिस ने उन्हें तत्काल शमशाबाद के ट्राइडेंट अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

सूचना मिलने के बाद शमशाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य कराया। पुलिस ने चारों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button