धूमधाम से निकली भगवान विश्वकर्मा की शोभायात्रा, जगह-जगह पुष्पवर्षा से स्वागत, मंदिर में महाआरती के साथ समापन

कटनी, यशभारत। देवशिल्पी भगवान श्री विश्वकर्मा जयंती के पावन अवसर पर बुधवार को कटनी शहर आस्था, भक्ति और उल्लास से सराबोर नजर आया। सर्व विश्वकर्मा समाज कटनी के तत्वावधान में भगवान श्री विश्वकर्मा जी की भव्य शोभायात्रा धूमधाम और उत्साह के साथ निकाली गई। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में समाजजन, श्रद्धालु, महिलाएं, और धर्मप्रेमी नागरिक शामिल हुए। श्री विश्वकर्मा मंदिर सिविल लाइन से दोपहर में प्रारंभ हुई शोभायात्रा में भगवान श्री विश्वकर्मा जी की भव्य झांकी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। श्रद्धालु भक्ति भाव में जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जहां जगह जगह नागरिकों और विभिन्न संगठनों द्वारा पुष्पवर्षा कर भगवान श्री विश्वकर्मा जी का स्वागत किया गया। मार्ग में श्रद्धालुओं के लिए स्वागत एवं सेवा की व्यवस्थाएं भी की गई। शोभायात्रा विश्वकर्मा पार्क, सुभाष चौक, गांधी द्वार, झंडा बाजार, सराफा बाजार, कपड़ा बाजार, श्री दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर, रेलवे स्टेशन और शंकर टॉकीज होते हुए वापस श्री विश्वकर्मा मंदिर पहुंची, जहां धार्मिक अनुष्ठानों के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस दौरान पूरे मार्ग पर भगवान श्री विश्वकर्मा के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। समाजजनों में आयोजन को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने भगवान श्री विश्वकर्मा से समाज और नगर की सुख समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। श्री विश्वकर्मा मंदिर में भगवान श्री विश्वकर्मा जी की महाआरती की गई। आरती के बाद श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था की गई। आयोजन को सफल बनाने में सर्व विश्वकर्मा समाज के वरिष्ठजनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं समाजबंधुओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इनकी रही उपस्थिति
शोभायात्रा में जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा, अशोक असोडिया, राजकुमार, कल्लू विश्वकर्मा, गोपी विश्वकर्मा, सुरेश जादूगर, शरद विश्वकर्मा, लक्ष्मी विश्वकर्मा, कुलदीप विश्वकर्मा, गणेश विश्वकर्मा, लक्ष्मी विश्वकर्मा, रामजी विश्वकर्मा, दीपक सोनी, रामरतन पायल, रवि खरे, श्याम निषाद, आशीष तिवारी की उपस्थिति रही।







