पीएम मोदी के लोकसेवक के रूप में 25 वर्ष सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण की यात्रा: प्रहलाद पटेल
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा 30 दिवसीय 'सेवा संकल्प अभियान', 25 सेवा गतिविधियों के साथ हर वर्ग तक पहुंचेगा जनसेवा का संदेश

सागर (संभागीय ब्यूरो)/ मध्य प्रदेश शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल ने सागर में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकसेवक के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होना सेवा, समर्पण, सुशासन और राष्ट्र निर्माण की एक अभूतपूर्व यात्रा है।
वर्ष 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में लोकसेवा की शुरुआत से लेकर 2014 में देश के प्रधानमंत्री बनने तक, इन 25 वर्षों में देश ने कई प्राकृतिक आपदाओं, कोरोना महामारी और वैश्विक चुनौतियों का सामना किया, जिसमें पीएम मोदी ने दूरदर्शी और निर्णायक नेतृत्व का परिचय दिया।
मंत्री श्री प्रहलाद पटेल ने बताया कि इसी ऐतिहासिक यात्रा को जन-जन तक पहुँचाने के लिए भारतीय जनता पार्टी द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक 30 दिवसीय “सेवा संकल्प अभियान” चलाया जा रहा है। इस दौरान पीएम आवास, जनधन, पेयजल, बिजली और सड़क कनेक्टिविटी जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के प्रयासों को रेखांकित किया जाएगा। प्रेस वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी, पूर्व मंत्री व विधायक भूपेंद्र सिंह, सागर विधायक शैलेंद्र कुमार जैन, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह ठाकुर, जिला महामंत्री सुमित यादव, जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन एवं सह मीडिया प्रभारी आलोक केशरवानी उपस्थित रहे।
अभियान का शुभारंभ 17 सितंबर को पीएम मोदी के जन्मदिवस पर शाम 7 बजे लाभार्थी परिवारों के घरों में “आशीर्वाद का दीया” प्रज्वलित कर किया जाएगा। इस 30 दिवसीय अभियान में कार्यकर्ताओं एवं आमजन को 25 प्रमुख सेवा गतिविधियों से जोड़ा जाएगा, जिनमें रक्तदान शिविर, पौधारोपण, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य जांच, जल संरक्षण, नशामुक्त भारत जागरूकता और वोकल फॉर लोकल जैसे कार्य शामिल हैं। इसके अलावा, स्कूलों और कॉलेजों में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला व भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी तथा नुक्कड़ नाटकों से पीएम मोदी के जीवन की अनकही कहानियां जन-जन तक पहुँचाई जाएंगी।
योजनाओं से वंचित पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही लाभ दिलाने के लिए ‘सेवा सेतु शिविरों’ का आयोजन होगा, साथ ही ‘आंगन मिलन सेवा’ के तहत आंगनबाड़ी व आशा कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाएगा। 7 अक्टूबर को पीएम मोदी की 25 वर्ष की सेवा यात्रा के उपलक्ष्य में पदयात्रा, साइकिल व बाइक रैलियां निकालकर ‘विकसित भारत-2047’ का संकल्प लिया जाएगा। अंततः यह व्यापक जनअभियान 17 अक्टूबर को “सुशासन सेवा संवाद” कार्यक्रम के साथ संपन्न होगा। प्रेस वार्ता का संचालन जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन ने किया तथा आभार सह मीडिया प्रभारी आलोक केशरवानी ने व्यक्त किया।







