भोपाल
एआई से बदलेगा नगरीय सेवाओं का अंदाज, तेज और पारदर्शी होगा कामकाज – गोवएआई लीडरशिप फोरम में डेटा सुरक्षा पर मंथन

एआई से बदलेगा नगरीय सेवाओं का अंदाज, तेज और पारदर्शी होगा कामकाज
– गोवएआई लीडरशिप फोरम में डेटा सुरक्षा पर मंथन
– एमपी अर्बन लॉकर से घर बैठे मिलेंगी नागरिक सेवाएं

भोपाल, यश भारत । नगरीय सेवाओं को अधिक तेज, पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित बनाने में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की अहम भूमिका होगी। एआई के माध्यम से उपलब्ध विशाल आंकड़ों का विश्लेषण कर सेवाओं की बेहतर निगरानी, समस्याओं की पहचान और निर्णय प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। इससे आम नागरिकों को सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था में व्यापक बदलाव आएगा।
नगरीय विकास एवं आवास आयुक्त संकेत भोंडवे ने भोपाल में ओरेकल द्वारा आयोजित गोवएआई लीडरशिप फोरम-2026 में मुख्य वक्ता के रूप में यह बात कही। उन्होंने कहा कि एआई का उपयोग केवल तकनीकी बदलाव तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसका उद्देश्य शासन व्यवस्था को अधिक जवाबदेह, संवेदनशील और जनहितकारी बनाना होना चाहिए।
डेटा सुरक्षा और निजता सबसे जरूरी
आयुक्त ने कहा कि एआई आधारित व्यवस्थाओं को लागू करते समय नागरिकों के डिजिटल आंकड़ों की सुरक्षा और व्यक्तिगत निजता का विशेष ध्यान रखना होगा। तकनीकी नवाचार के साथ मजबूत साइबर सुरक्षा व्यवस्था और कड़े सुरक्षा मानकों का पालन जरूरी है। उन्होंने कहा कि जनविश्वास बनाए रखने के लिए तकनीक और डेटा गोपनीयता के बीच संतुलन कायम करना आवश्यक है।
एमपी अर्बन लॉकर से आसान होंगी सेवाएं
आयुक्त भोंडवे ने मध्यप्रदेश में डिजिटल सुशासन की दिशा में किए जा रहे नवाचारों की जानकारी देते हुए एमपी लॉकर और एमपी अर्बन लॉकर ऐप की उपयोगिता पर प्रकाश डाला।
उन्होंने बताया कि एमपी अर्बन लॉकर ऐप एंड्रॉयड और आईओएस दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है। इसके माध्यम से नागरिकों को डिजिटल रूप से सेवाओं और दस्तावेजों तक पहुंच आसान बनाने का प्रयास किया जा रहा है।







