तेज रफ्तार डंपर ने छीनी शिक्षिका की जिंदगी, मंदिर से दर्शन कर घर लौट रही थी युवती
गुलौआ चौक पर दर्दनाक हादसा

जबलपुर,यशभारत। शहर में बेलगाम रफ्तार का कहर लगातार लोगों की जिंदगी लील रहा है। गढ़ा थाना क्षेत्र में देर रात एक बार फिर तेज रफ्तार डंपर ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। गुलौआ चौक रोड स्थित पटेल स्वीट्स के समीप तेज रफ्तार डंपर ने स्कूटी सवार युवती को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि युवती ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने डंपर चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार संजीवनी नगर की दुर्गा कॉलोनी निवासी दिनेश गुप्ता की 25 वर्षीय पुत्री अंजली गुप्ता रोजाना की तरह हनुमान मंदिर में दर्शन करने के बाद स्कूटी से अपने घर लौट रही थी। वह गुलौआ चौक रोड स्थित पटेल स्वीट्स के पास पहुंची ही थी कि तेज रफ्तार डंपर ने उसकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद अंजली सड़क पर जा गिरी और गंभीर रूप से घायल हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना भयावह था कि कुछ ही देर में मौके पर भीड़ जमा हो गई, लेकिन अंजली की जान नहीं बचाई जा सकी।
स्कूल में पढ़ाती थी, हादसे ने छीन ली जिंदगी
अंजली गुप्ता रॉयल स्कूल में शिक्षिका थी। रोज की तरह मंदिर से दर्शन कर घर लौट रही अंजली को क्या पता था कि रास्ते में तेज रफ्तार वाहन उसकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
लोगों ने चालक को पकड़ा, डंपर जब्त
हादसे के बाद डंपर चालक मौके से भागने की कोशिश में था, लेकिन वहां मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही गढ़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की तथा डंपर को जब्त कर लिया है। पुलिस ने मामला कायम कर हादसे की परिस्थितियों और चालक की भूमिका की जांच शुरू कर दी है।
शहर में भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही से लगातार हो रहे हादसों ने एक बार फिर यातायात व्यवस्था और वाहन चालकों की जिम्मेदारी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि रिहायशी और व्यस्त मार्गों पर बेलगाम दौड़ते भारी वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हुआ तो ऐसे हादसों का सिलसिला कब रुकेगा, यह बड़ा सवाल है।







