इंदौरग्वालियरजबलपुरदेशभोपालमध्य प्रदेशराज्य

बिजली चोरी के मामलों में विशेष अभियान, चार गिरफ्तार

जबलपुर, यश भारत। बिजली चोरी के मामलों में लंबे समय से बकाया राशि जमा नहीं करने वाले आरोपियों के खिलाफ विद्युत विभाग ने पुलिस के सहयोग से गुरुवार को विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान उन लोगों को विशेष रूप से चिन्हित किया गया, जिनके खिलाफ बिजली चोरी के प्रकरण दर्ज होने के बाद विशेष न्यायालय द्वारा गिरफ्तारी वारंट जारी किए गए थे।

अभियान के दौरान नया मोहल्ला निवासी मोहम्मद शाकिर, मिलौनीगंज निवासी मोहम्मद इस्माइल और गोहलपुर निवासी मोहम्मद समीर को गिरफ्तार कर विशेष न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने तीनों आरोपियों को सीधे जेल भेज दिया। वहीं त्रिमूर्तिनगर निवासी सुनील कुमार पांडे को देर शाम गिरफ्तार कर विजयनगर थाने लाया गया। इसी कार्रवाई के दौरान लालबाबा बस्ती, संजीवनी नगर निवासी टीकाराम झारिया को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद उन्होंने तत्काल बिजली चोरी की बकाया राशि 34,461 रुपये जमा कर दी। इसके अलावा ओमती थाना क्षेत्र से इरफान रहमान को भी गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। आरोपी द्वारा बिजली चोरी की 41,668 रुपये की राशि लोक अदालत में जमा करने की सहमति दिए जाने पर न्यायालय ने उसे जमानत पर रिहा कर दिया।

अधीक्षण अभियंता संजय अरोरा ने बताया कि बिजली चोरी की राशि लंबे समय से जमा नहीं करने वाले आरोपियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि विभाग की कार्रवाई शुक्रवार को भी जारी रहेगी। गुरुवार को देर रात तक अभियान चलाया गया और आगे भी गिरफ्तारियां होने की संभावना है।उन्होंने बताया कि शनिवार को आयोजित होने वाली लोक अदालत से पहले विशेष न्यायालय की ओर से बिजली चोरी के मामलों में करीब 750 सम्मन जारी किए गए हैं। इसके अलावा बिजली विभाग ने जबलपुर शहर में प्री-लिटिगेशन स्तर के करीब 5,500 बिजली चोरी के मामलों में संबंधित लोगों को नोटिस जारी किए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button