
यशभारत की रिपोर्ट दुबई से रिजवान उल्लाह खान
दुबई, यश भारत। मध्य प्रदेश में औद्योगिक विकास को गति देने और प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की यात्रा पर दुबई पहुंचे। दुबई आगमन पर वहां रह रहे प्रवासी भारतीयों (भारतवंशियों) ने उनका ढोल-नगाड़ों और गर्मजोशी के साथ जोरदार स्वागत किया।
स्वर्णिम काल और पारदर्शी निवेश पर जोर
उपस्थित जनसमूह और उद्योगपतियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा, “वर्ष 2014 के बाद से भारत में एक बड़ा बदलाव आया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व में देश विकास के अपने ‘स्वर्णिम काल’ से गुजर रहा है। उन्होंने निवेशकों का आह्वान करते हुए कहा कि राज्य सरकार की मंशा एक योग्य, सुगम और पूरी तरह से पारदर्शी निवेश वातावरण प्रदान करने की है। उन्होंने उद्योगपतियों को आमंत्रित करते हुए कहा, “आप मध्य प्रदेश आएं और राज्य की विकास यात्रा में एक सहयोगी भागीदार की भूमिका निभाएं।
1,000 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्तावों पर चर्चा
इस चार दिवसीय विदेश दौरे के दौरान राज्य में लगभग 1,000 करोड़ रुपये से अधिक के संभावित निवेश और औद्योगिक साझेदारियों पर विस्तृत चर्चा होनी तय है। मुख्यमंत्री अपनी इस यात्रा के दौरान अंतर्राष्ट्रीय निवेशकों के साथ बैठकों में भाग लेंगे और मध्य प्रदेश में औद्योगिक संभावनाओं को रेखांकित करेंगे, ताकि राज्य में अधिक से अधिक पूंजी निवेश आ सके और मध्य प्रदेश तेजी से प्रगति व समग्र विकास की ओर अग्रसर हो सके।







