फर्जी आधार कार्ड से जमीन का सौदा करने वाले फरार महिला आरोपी गिरफ्तार

फर्जी आधार कार्ड से जमीन का सौदा करने वाले फरार महिला आरोपी गिरफ्तार
– सूखीसेवनिया पुलिस ने की कार्रवाई, आधार कार्ड और दस्तावेज जब्त किए
भोपाल, यश भारत। ग्राम देवलखेड़ी की जमीन को वास्तविक मालिकों के नाम से फर्जी आधार कार्ड तैयार कर बेचने के मामले में सूखीसेवनिया पुलिस ने फरार चल रही दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक दोनों की गिरफ्तारी के साथ मामले में शामिल सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपियों के कब्जे से मूल और फर्जी आधार कार्ड भी जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार 25 मई 2026 को आराधना परमार निवासी द्वारिका नगर ने सूखीसेवनिया थाने में शिकायत की थी। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने ग्राम देवलखेड़ी स्थित जमीन के वास्तविक भू-स्वामियों के नाम पर फर्जी आधार कार्ड तैयार किए। इन कार्डों पर वास्तविक मालिकों के नाम तो थे, लेकिन फोटो अन्य लोगों के लगाए गए थे। इसके बाद फर्जी व्यक्तियों को जमीन का मालिक बताकर सौदा किया गया। जमीन का कुल रकबा करीब 2.58 एकड़ बताया गया है। इसका सौदा 59.34 लाख रुपये में किया गया और 14 मई को 10 लाख रुपये नकद लेकर विक्रय अनुबंध तैयार कराया गया। बाद में इस सौदे और रकम प्राप्त करने की सार्वजनिक सूचना सामने आने पर वास्तविक भू-स्वामिनी ने जमीन बेचने और 10 लाख रुपये लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद कथित फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। पुलिस ने मामले में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान मुख्य आरोपी पप्पू मीणा को 10 जून को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद तीन हजार रुपये के इनामी आरोपी धन सिंह चौधरी को 2 सितंबर और कंप्यूटर सिस्टम के माध्यम से एआई की मदद से फर्जी आधार कार्ड तैयार करने के आरोपी अखिलेश उर्फ छीपा को 4 सितंबर को गिरफ्तार किया गया। मामले में फरार चल रहीं गुड्डीबाई उर्फ शशि और स्वाति उर्फ बिन्ना की तलाश की जा रही थी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने दोनों को 8 सितंबर को ग्राम बिरहाश्यामखेड़ी, थाना बैरसिया क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।







