अवैध शराब से हुई मौतों के बाद प्रशासन हुआ चौकस : 18 स्थानों पर शुरू हुए विशेष मेडिकल कैंप… देखें पूरा वीडियो

सागर, यशभारत ।जहरीली शराब के सेवन से हुई संदिग्ध मौत की घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से हरकत में आ गया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रभावित इलाकों में त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी गई है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से क्षेत्र में कुल 18 स्थानों पर विशेष स्वास्थ्य शिविर (स्क्रीनिंग कैंप) लगाए गए हैं, जहां संभावित प्रभावितों की लगातार जांच की जा रही है।
स्क्रीनिंग में 9 लोगों में दिखे लक्षण
प्रशासन द्वारा लगाए गए एक स्वास्थ्य शिविर में कुल 30 लोगों की गहन स्क्रीनिंग की गई। जांच के दौरान इनमें से 9 लोग ऐसे पाए गए, जिन्होंने पिछले 24 घंटों के भीतर शराब का सेवन किया था और उनमें जहरीली शराब के गंभीर लक्षण दिखाई देने लगे थे। चिकित्सकों के अनुसार, मरीजों ने आंखों में धुंधलापन, चक्कर आना, पेट में तेज दर्द और उल्टी जैसी स्वास्थ्य समस्याओं की शिकायत की है।
3 की हालत गंभीर, 1 भोपाल रेफर
गुगरा खुर्द क्षेत्र से सामने आए 3 गंभीर मरीजों की स्थिति को देखते हुए उन्हें तत्काल बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (BMC) रेफर किया गया है। इनमें से एक मरीज की जांच रिपोर्ट बेहद चिंताजनक आने पर उसे बेहतर इलाज के लिए भोपाल भेजा गया है।
स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि बाकी जगहों पर भी स्क्रीनिंग का काम लगातार जारी है और कुल जांचे गए लोगों की अंतिम और विस्तृत रिपोर्ट शाम तक जारी की जाएगी।
डॉक्टरों की सख्त चेतावनी
मामले की गंभीरता को देखते हुए चिकित्सा विशेषज्ञों ने आम जनता को सतर्क किया है। डॉक्टरों ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि किसी भी स्थिति में कच्ची या अवैध शराब का सेवन न करें। यह शरीर के लिए अत्यंत जहरीली होती है और जानलेवा साबित हो सकती है। लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करने की सलाह दी गई है।
प्रभावित मरीजों की सूची
स्वास्थ्य शिविर में प्राथमिक जांच के दौरान जिन 9 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, उनके विवरण इस प्रकार हैं:
राघवेन्द्र सिंह (पिता: किशोर सिंह लोधी) — उम्र: 32 वर्ष
भाल सिंह (पिता: गुमान सिंह लोधी) — उम्र: 35 वर्ष
मसीह सिंह (पिता: निर्भय सिंह लोधी) — उम्र: 28 वर्ष
शिवराम (पिता: कोरो रछक) — उम्र: 38 वर्ष
धर्मेन्द्र (पिता: मिरग लोधी) — उम्र: 26 वर्ष
धनसिंह (पिता: लखन लोधी) — उम्र: 30 वर्ष
अरुण (पिता: हम्मीर लोधी) — उम्र: 28 वर्ष
लवकुश (पिता: कोमल लोधी) — उम्र: 35 वर्ष
इन्द्रपाल (पिता: लखन लोधी) — उम्र: 30 वर्ष
एवं मरने वाले लोगों में
करतार लोधी, दिग्विज लोधी, कम्मू अहिरवार, राजेंद्र लोधी जिनकी अंत्येष्टि एक साथ की गई







