साइबर ठगों का नया जाल: कहीं रॉन्ग नंबर तो कहीं वर्क फ्रॉम होम का झांसा
11 लोगों से लाखों की ठगी

जबलपुर,यशभारत। शहर में साइबर ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ठग अलग-अलग तरीके अपनाकर लोगों को अपने जाल में फंसा रहे हैं। कहीं रॉन्ग नंबर से संपर्क कर बैंक खाते से रकम उड़ा दी गई, तो कहीं सीनियर सिटीजन कार्ड, वर्क फ्रॉम होम और मोबाइल हैकिंग का झांसा दिया गया। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सामने आए मामलों में 11 लोगों से करीब 9 लाख 96 हजार रुपए की ठगी हुई है। शिकायतों के आधार पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रॉन्ग नंबर के बाद खाते से नौ बार ट्रांजेक्शन
घमापुर थाना क्षेत्र के द्वारका नगर निवासी टेकचंद गौतम (64) के मोबाइल पर एक कॉल आया था। कॉल के कुछ देर बाद उनके मोबाइल पर बैंक खाते से राशि निकलने के संदेश आने लगे। जांच करने पर पता चला कि नौ लेन-देन में 3 लाख 72 हजार 682 रुपए दूसरे खातों में ट्रांसफर कर दिए गए। उन्होंने साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई।
सीनियर सिटीजन कार्ड का विज्ञापन देखकर फंसे
गढ़ा क्षेत्र के शारदा चौक निवासी सेवानिवृत्त एलआईसी कर्मचारी विजय कुमार तिवारी (77) फेसबुक चला रहे थे। इस दौरान उन्हें बैंक ऑफ इंडिया के सीनियर सिटीजन कार्ड पर छूट संबंधी विज्ञापन दिखाई दिया। आवेदन करने के बाद उनके पास वाट्सऐप कॉल आया। आरोपी ने खुद को बैंक कर्मचारी बताकर डेबिट कार्ड की जानकारी हासिल की और एक लिंक भेजा। लिंक पर क्लिक करते ही 60 हजार रुपए खाते से दूसरे खाते में पहुंच गए।
वेतन आने के संदेश के बीच खाते से रकम गायब
रांझी थाना क्षेत्र के वीएफजे स्टेट निवासी देवाशीष बेहरा (40) के मोबाइल में अचानक अपडेट होने लगा। इसी दौरान उन्हें वेतन खाते में जमा होने का संदेश मिला। बैंक खाते की जांच करने पर पता चला कि 38 हजार 5 रुपए दूसरे खाते में ट्रांसफर हो चुके हैं।
मोबाइल हैक होने के बाद ओटीपी की बाढ़
हनुमानताल क्षेत्र के कुंजड़हाई मस्जिद निवासी शादाब नजर (29) का मोबाइल हैक हो गया। इसके बाद उनके मोबाइल पर लगातार ओटीपी आने लगे। उन्होंने इसे नजरअंदाज कर दिया। बाद में खाते का बैलेंस चेक किया तो 52 हजार 300 रुपए निकाले जा चुके थे।
क्रेडिट कार्ड की पूरी सीमा कर दी खाली
संजीवनी नगर के चंदन कॉलोनी निवासी अरविंद साहू (52) के क्रेडिट कार्ड की सीमा 42 हजार 993 रुपए थी। कार्ड चालू कराने के बाद उन्हें पता चला कि छह अलग-अलग लेन-देन में कार्ड की पूरी राशि खर्च कर दी गई।
क्यूआर कोड भेजकर पहले रकम ली, फिर बढ़ा दी मांग
गंगा नगर निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक आशाराम बरकड़े (64) की पत्नी के मोबाइल पर आरोपी का फोन आया। क्यूआर कोड भेजकर रकम जमा करने को कहा गया। उन्होंने पति के खाते से 16 हजार 100 रुपए भेज दिए। इसके बाद आरोपी ने खुद को दिल्ली एयरपोर्ट पर पकड़े जाने की बात कहते हुए और 65 हजार रुपए मांगे।
मोबाइल हैंग हुआ, खाते से निकल गए 1.66 लाख
संजीवनी नगर निवासी नीतेश कुमार सोंधिया (42) का मोबाइल एक अगस्त को अचानक हैंग हो गया। उन्होंने फोन रीसेट किया। अगले दिन फोन-पे एप डाउनलोड करने के बाद खाते की जांच की तो पता चला कि सात लेन-देन में 1 लाख 66 हजार 1 रुपए अलग-अलग खातों में ट्रांसफर किए जा चुके थे।
वर्क फ्रॉम होम के नाम पर 35 हजार की ठगी
आधारताल क्षेत्र के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी विकास धौलपुरिया (30) को वाट्सऐप ग्रुप में ऑनलाइन वर्क फ्रॉम होम का संदेश मिला। संपर्क करने पर आरोपियों ने ई-कॉमर्स कंपनी का स्क्रीनशॉट भेजकर पहले 100 रुपए जमा कराए। इसके बाद अलग-अलग कारण बताकर रकम जमा कराने का सिलसिला शुरू कर दिया। विकास ने आरोपियों को कुल 35 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए।
खाते से 33 हजार 489 रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर
कोतवाली थाना क्षेत्र के दीक्षितपुरा निवासी करन कुमार जैन (34) के बैंक खाते से साइबर ठगों ने 33 हजार 489 रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कर लिए। रकम निकलने की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की।
बरेला में दो लोगों के खातों से 1.49 लाख उड़ाए
बरेला थाना क्षेत्र में मोबाइल हैक कर दो लोगों के खातों से 1 लाख 49 हजार 600 रुपए ट्रांसफर किए गए। ग्राम देवरी बसनिया निवासी भूपेन्द्र सिंह राजपूत (38) के खाते से 49 हजार 100 रुपए, जबकि बमबमपुरा भाट मोहल्ला निवासी आकाश भाट (30) के खाते से 1 लाख 500 रुपए निकाल लिए गए।







