मध्य प्रदेश पुलिस का राष्ट्रीय स्तर पर डंका: देश के 100 सर्वश्रेष्ठ कप्तानों में राज्य के 3 IPS शामिल

मध्य प्रदेश पुलिस का राष्ट्रीय स्तर पर डंका: देश के 100 सर्वश्रेष्ठ कप्तानों में राज्य के 3 IPS शामिल
भोपाल। कानून व्यवस्था में कसावट, अपराध नियंत्रण और जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने के मामले में मध्य प्रदेश पुलिस के अधिकारियों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी धाक जमाई है। फेम इंडिया और एशिया पोस्ट द्वारा कराए गए राष्ट्रीय सर्वेक्षण में देश के शीर्ष 100 पुलिस कप्तानों की सूची जारी की गई है, जिसमें मध्य प्रदेश के तीन होनहार IPS अधिकारियों ने अपनी जगह बनाई है।
इस राष्ट्रीय सूची में मुरैना के पूर्व एसपी और वर्तमान में रेडियो भोपाल में पदस्थ समीर सौरभ, जबलपुर के एसपी संपत उपाध्याय और भोपाल मुख्यालय में पदस्थ डीसीपी श्रद्धा तिवारी का नाम शामिल है। इन अधिकारियों को उनके उत्कृष्ट नेतृत्व, जनउन्मुख पुलिसिंग और प्रशासनिक दक्षता के आधार पर देश के शीर्ष अधिकारियों में चुना गया है।
कड़े मानकों पर परखा गया अधिकारियों का प्रदर्शन
फेम इंडिया के अनुसार, राष्ट्रीय स्तर पर किए गए इस अध्ययन का मुख्य उद्देश्य ऐसे प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को पहचान देना है, जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी बेहतरीन संकट प्रबंधन और संवेदनशील प्रशासन की मिसाल पेश की है।
सर्वेक्षण के दौरान अधिकारियों के चयन के लिए कई कड़े मानक तय किए गए थे। इनमें अपराधों पर अंकुश, कानून व्यवस्था में सुधार, जनमित्र पुलिसिंग, तकनीक व नवाचार का उपयोग, त्वरित निर्णय लेने की क्षमता, पारदर्शी कार्यशैली और जनता व मीडिया के बीच उनकी सकारात्मक छवि को प्रमुख आधार बनाया गया।
अगले चरण में मिलेगी टॉप 25 की विशेष पहचान
फेम इंडिया और एशिया पोस्ट ने उपलब्ध प्रशासनिक आंकड़ों, मीडिया रिपोर्टों, जमीनी फीडबैक और विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों की राय के आधार पर पूरे देश से इन 100 प्रमुख पुलिस कप्तानों की पहचान की है।
संस्था के अनुसार, यह मूल्यांकन प्रक्रिया अभी समाप्त नहीं हुई है। अगले चरण में इन्हीं 100 अधिकारियों के प्रदर्शन का गहराई से अध्ययन कर देश के टॉप 25 पुलिस अधिकारियों की एक विशेष सूची तैयार की जाएगी। इस अंतिम सूची में शामिल होने वाले अधिकारियों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित भी किया जाएगा।







