14 अगस्त को भोपाल में निकलेगी विशाल तिरंगा यात्रा

14 अगस्त को भोपाल में निकलेगी विशाल तिरंगा यात्रा , कोलार से बैरागढ़ तक गूंजेगा देशभक्ति का संदेश, लाखों नागरिक होंगे शामिल
भोपाल, यश भारत । राजधानी में 14 अगस्त को विशाल तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। हुजूर विधानसभा के मुखर्जी नगर, कोलार से शुरू होने वाली यह यात्रा संत हिरदाराम नगर, बैरागढ़ तक जाएगी। यात्रा में लाखों नागरिकों के शामिल होने की संभावना है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी यात्रा में शामिल होंगे।
तैयारियों का लिया जायजा
यात्रा को लेकर विधायक रामेश्वर शर्मा ने कलेक्टर प्रियंक मिश्रा और पुलिस कमिश्नर संजय कुमार के साथ प्रारंभ स्थल का निरीक्षण किया। मदर टेरेसा स्कूल के सामने बनने वाले मंच तथा नागरिकों के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बारिश को देखते हुए अधिकारियों को समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
कोलार से बैरागढ़ तक दिखेगा देशभक्ति का उत्साह
यात्रा मार्ग में जगह-जगह स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों द्वारा मंच लगाकर यात्रियों का स्वागत किया जाएगा। तिरंगा यात्रा के दौरान देशभक्ति गीतों और नारों के बीच शहर में राष्ट्रभक्ति का माहौल नजर आएगा। आयोजकों के अनुसार हर वर्ष यह यात्रा अपनी भव्यता के नए कीर्तिमान स्थापित करती है।
हर साल लाखों नागरिक होते हैं शामिल
कर्मश्री के तत्वावधान में विधायक रामेश्वर शर्मा द्वारा अखंड भारत स्मृति दिवस पर प्रतिवर्ष इस विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हर घर तिरंगा अभियान के तारतम्य में होने वाली यात्रा में हर साल लाखों देशभक्त नागरिक शामिल होते हैं।
इस बार ऐतिहासिक होने का दावा
विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि इस वर्ष की यात्रा इतनी विशाल होगी कि देशभर में इसकी चर्चा होगी। उन्होंने बताया कि नागरिकों ने बढ़-चढ़कर पंजीयन कराया है। लोगों का उत्साह बता रहा है कि इस बार की यात्रा ऐतिहासिक कीर्तिमान बनाएगी। प्रशासन और आयोजन समिति द्वारा बारिश, सुरक्षा, यातायात तथा नागरिकों की सुविधा को लेकर तैयारियां की जा रही हैं।







