खौफनाक कांड : महिला और नाबालिग को बंधक बनाकर 40 लाख की डकैती, हथियार लहराते भागे बदमाश

रीवा । घर में नाबालिग लड़की के साथ मौजूद महिला को बंधक बनाकर लाखों रुपए की लूट किए जाने की घटना ‘सामने आई है।
मऊगंज जिले में हनुमना थाना की हाटा चौकी क्षेत्र अंतर्गत तिलिया गांव में बीती रात हुई इस घटना को लेकर बेबी साहू का कहना है कि दो बदमाश पहले दवा लेने के बहाने आए। इसके बाद तीन अन्य बदमाश भी पहुंचे और उनके हाथ-पैर बांध दिए। मुंह में कपड़ा भी ठूस दिया। इसके बाद जेवरात और रुपए समेट ले गए। उधर, एसपी सुरेंद्र कुमार जैन का कहना है कि जांच में प्रथम दृष्टया यह घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है, जांच जारी है। महिला के मुताबिक, घटना के वक्त उनके पति बाहर गए थे।
घर के एक हिस्से में ही उनका मेडिकल स्टोर संचालित होता है। रात करीब 10 बजे बाइक पर सवार होकर दो अज्ञात युवक वहां पहुंचे। इसके बाद उनके तीन और हथियारबंद साथी वहां आ धमके। देखते ही देखते पांचों बदमाशों ने घर को अपने कब्जे में ले लिया। कट्टा, फरसा आदि के बल पर उन्होंने बंधक बना लिया। अलमारी और लॉकर के ताले तोड़कर लुटेरों ने वहां रखी नगदी, सोने-चांदी के जेवरात और मेडिकल का कीमती सामान समेट लिया। पीड़िता के अनुसार, लूटे गए पूरे माल की कुल अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपए है। वारदात को अंजाम देने के बाद हथियार लहराते हुए बदमाश मौके से फरार हो गए। महिला ने बताया कि किसी तरह वह बंधन से छूटी और घटना की जानकारी दी। इस बड़ी वारदात की जानकारी मिलते ही पुलिस के साथ ही एफएसएल टीम आदि मौके पर पहुंच गई।







