मध्य प्रदेशराज्य

निर्माणाधीन मकान का छज्जा गिरा, दो मजदूर घायल : क्षेत्र में हड़कंप 

सागर, यशभारत l शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत विजय टॉकीज के पास, गिरनार मेडिकल स्टोर वाली गली में एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ एक निर्माणाधीन मकान की छत और छज्जा अचानक भरभराकर गिर पड़ा। हादसे के वक्त मौके पर काम कर रहे दो मजदूर मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मलबे की चपेट में आने से गली में खड़े कई वाहनों को भी भारी नुकसान पहुंचा है।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए मलबे में दबे घायल मजदूरों (तीरथ और अन्य) को बाहर निकाला और तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

आरोपों में उलझा हादसा: कौन जिम्मेदार?

मकान मालिक का सीधा आरोप: मकान मालिक संजय पटेल ने ठेकेदार विक्रम केसरवानी और मिस्त्री पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि निर्माण कार्य बिना किसी सपोर्ट/जैक के और बिना किसी इंजीनियर की देखरेख या मार्गदर्शन के कराया जा रहा था।

ठेकेदार की सफाई: दूसरी ओर, ठेकेदार विक्रम केसरवानी ने लापरवाही के आरोपों से साफ इनकार किया है। उनका दावा है कि निर्माण स्थल पर पर्याप्त सपोर्ट पाइप और सुरक्षा इंतज़ाम किए गए थे। हादसा बगल के कमजोर मकान का पिलर उखड़ने और उसकी दीवार गिरने की वजह से हुआ।

प्रशासनिक लापरवाही पर उठे सवाल

इस घटना के बाद से स्थानीय नगर निगम प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि इलाके में कई पुराने और जर्जर मकान मौजूद हैं, जिनकी समय पर सुध न लिए जाने के कारण आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की वैधानिक जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button