आयुष्मान योजना में गड़बड़ी पर 83 अस्पतालों पर कार्रवाई 18 अस्पताल ब्लैकलिस्ट, 15 सस्पेंड 50 पर 3.13 करोड़ से ज्यादा का जुर्माना

आयुष्मान योजना में गड़बड़ी पर 83 अस्पतालों पर कार्रवाई
18 अस्पताल ब्लैकलिस्ट, 15 सस्पेंड 50 पर 3.13 करोड़ से ज्यादा का जुर्माना
भोपाल, यश भारत। आयुष्मान भारत निरामयम् योजना में नियमों के उल्लंघन और अनियमितताओं के मामलों में मध्यप्रदेश में बड़ी कार्रवाई की गई है। विभाग ने योजना से जुड़े 83 अस्पतालों के खिलाफ कार्रवाई की है। इनमें 18 अस्पतालों को ब्लैकलिस्ट कर योजना से बाहर किया गया जबकि 15 अस्पतालों को सस्पेंड किया गया है। निलंबित अस्पतालों में योजना के तहत नए मरीजों के उपचार और भुगतान पर रोक लगाई गई है 50 अस्पतालों पर 3.13 करोड़ रुपए से अधिक का आर्थिक जुर्माना लगाया गया है। कार्रवाई के दायरे में राजधानी भोपाल के 25 अस्पताल भी शामिल हैं। विभागीय जांच में उपचार मरीजों से संबंधित प्रक्रियाओं आयुष्मान योजना के तहत किए गए क्लेम और भुगतान से जुड़ी अनियमितताओं की जांच के बाद यह कार्रवाई की गई। विभाग का कहना है कि योजना के तहत पात्र मरीजों को बेहतर और पारदर्शी स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए अस्पतालों की गतिविधियों की लगातार निगरानी की जा रही है। संदिग्ध क्लेम और नियमों के उल्लंघन पर सख्ती जारी रहेगी। आयुष्मान भारत निरामयम् के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अरविंद शाह आईएएस ने बताया कि योजना में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जांच आगे भी जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित अस्पतालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।






