ट्रंप के कार्यक्रम से पहले सुरक्षा में सेंध की आशंका, संदिग्ध के घर से राइफल और बॉडी आर्मर बरामद
गोल्फ क्लब के बाहर संदिग्ध की गिरफ्तारी

वाशिंगटन। अमेरिका के दक्षिणी कैलिफोर्निया स्थित ट्रंप नेशनल गोल्फ क्लब के बाहर एक संदिग्ध व्यक्ति को हथियारों और प्रतिबंधित गोला-बारूद के साथ गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई उस समय हुई जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के गोल्फ क्लब में आयोजित एक कार्यक्रम में पहुंचने की तैयारी चल रही थी। घटना के बाद अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं और मामले की गहन जांच की जा रही है।
लॉस एंजिल्स काउंटी शेरिफ विभाग के अनुसार गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान 38 वर्षीय जीनिन जॉन टैले के रूप में हुई है। वह गोल्फ क्लब परिसर के आसपास फोटो और वीडियो बना रहा था, जिसके बाद फेडरल अधिकारियों ने उसे हिरासत में लिया। शुरुआती जांच में उसके पास से .45 कैलिबर की पिस्तौल और प्रतिबंधित गोला-बारूद बरामद किया गया। इसके बाद संदिग्ध के घर की तलाशी में अवैध रूप से संशोधित एआर-स्टाइल राइफल, बॉडी आर्मर, हाई-कैपेसिटी मैगजीन, बड़ी मात्रा में गोला-बारूद, रेडियो सिग्नल डिवाइस तथा ऐसी नोटबुक मिलीं, जिनमें सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार चिंताजनक सामग्री दर्ज थी।
हालांकि अमेरिकी सीक्रेट सर्विस ने फिलहाल राष्ट्रपति ट्रंप पर किसी हमले की साजिश के स्पष्ट संकेत मिलने से इनकार किया है, लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर हर पहलू की जांच जारी है। एफबीआई की जॉइंट टेररिज्म टास्क फोर्स भी जांच में शामिल हो गई है। इसके अलावा एल सेगुंडो पुलिस एक डकैती के मामले में भी संदिग्ध से पूछताछ कर रही है।
उधर राष्ट्रपति ट्रंप मंगलवार शाम रैंचो पालोस वर्डेस स्थित ट्रंप नेशनल गोल्फ क्लब में रिपब्लिकन नेशनल कमेटी के डिनर कार्यक्रम में शामिल होने वाले हैं, जिसके लिए वे एयर फोर्स वन से कैलिफोर्निया रवाना हो चुके हैं। घटना के बाद कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा और अधिक कड़ी कर दी गई है।







