यश भारत ब्रेकिंग,,अनियंत्रित होकर नाले में गिरी कार, चालक अस्पताल में भर्ती,,देखे वीडियो
कुलपति निवास के पास हुआ हादसा,

जबलपुर, यश भारत। अधारताल थाना क्षेत्र में सोमवार को एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरी। हादसे में कार चालक प्रशांत सिंह, निवासी नेता कॉलोनी, घायल हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार, प्रशांत सिंह अपनी स्विफ्ट कार से महाराजपुर से अधारताल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कुलपति निवास के पास अचानक कार का संतुलन बिगड़ गया और वह अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने नाले में जा गिरी। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कार में फंसे चालक को बाहर निकालने में मदद की।
सूचना मिलते ही अधारताल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को नाले से बाहर निकलवाने की कार्रवाई भी शुरू कर दी। अधारताल थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार ने बताया कि कुलपति निवास के पास एक स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर नाले में गिर गई थी। हादसे में कार चालक प्रशांत सिंह घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।







