
इंदौर, यशभारत। यशभारत। तीन दिन तक चली मप्र स्टेट सिलेक्शन फिडे रेटिंग वूमेन चेस चैंपियनशिप-2026 में इंदौर की अविका पवार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अविजित रहते हुए चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। अविका ने आठ राउंड में 7.5 अंक अर्जित कर शीर्ष स्थान हासिल किया। विजेता अविका को 7 हजार रुपए की पुरस्कार राशि एवं ट्रॉफी प्रदान की गई।

जबलपुर की मंदाकिनी मिश्रा ने भी दमदार प्रदर्शन करते हुए 6.5 अंकों के साथ प्रतियोगिता में उपविजेता का स्थान हासिल किया। वहीं अवनि शुक्ला तीसरे और अदिति यादव चौथे स्थान पर रहीं। प्रतियोगिता के शीर्ष चार खिलाड़ियों को राष्ट्रीय प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।डिस्ट्रिक्ट चेस एसोसिएशन जबलपुर के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता में प्रदेश के 17 जिलों से 50 महिला खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। तीन दिनों के दौरान कुल आठ राउंड खेले गए और मुकाबले फिडे के निर्धारित नियमों के अनुसार कराए गए। यशपाल अरोरा ने आर्बिटर की भूमिका निभाई।
पुरस्कार वितरण समारोह में कोचिंग शिपयार्ड की बोर्ड ऑफ डायरेक्टर डॉ. वाणी आहलूवालिया ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सत्येंद्र तिवारी, रमानी रंजन, आइविन मसीह, केतिकी करसा और दीक्षा भल्ला ने निर्णायक के रूप में सहयोग किया। संगठन के सचिव विपिन लूनावत ने भविष्य में भी राष्ट्रीय स्तर की शतरंज प्रतियोगिताओं के आयोजन का आश्वासन दिया। कार्यक्रम का संचालन मदन गोपाल गर्ग ने किया।







