बांकीपुर में प्रशांत किशोर की बड़ी जीत तय, 28वें राउंड तक 19,419 वोटों की बढ़त
पटना, यशभारत

बांकीपुर में प्रशांत किशोर की बड़ी जीत तय, 28वें राउंड तक 19,419 वोटों की बढ़त
पटना, यशभारत। बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव की मतगणना अंतिम चरण में पहुंच गई है और जनसुराज पार्टी (JSP) के संस्थापक प्रशांत किशोर निर्णायक बढ़त के साथ जीत की ओर बढ़ते दिखाई दे रहे हैं। 28वें राउंड की मतगणना पूरी होने तक प्रशांत किशोर को 59,213 वोट मिले हैं, जबकि भाजपा के नीरज सिन्हा को 39,794 वोट प्राप्त हुए हैं। इस तरह प्रशांत किशोर 19,419 वोटों की मजबूत बढ़त बनाए हुए हैं। वहीं, राजद उम्मीदवार रेखा गुप्ता को 13,260 वोट मिले हैं और वे मुख्य मुकाबले से लगभग बाहर हो चुकी हैं।
इससे पहले 27वें राउंड तक भी प्रशांत किशोर 16,887 वोटों से आगे चल रहे थे, लेकिन अगले राउंड में उनकी बढ़त और बढ़ गई। चुनावी रुझानों से साफ संकेत मिल रहे हैं कि बांकीपुर में इस बार जनसुराज पार्टी बड़ा राजनीतिक उलटफेर करने जा रही है। दूसरी ओर, राजद सांसद मीसा भारती ने परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यदि प्रशांत किशोर जीतते हैं तो इसे भाजपा की ही जीत माना जाना चाहिए। हालांकि, अंतिम नतीजे की औपचारिक घोषणा चुनाव आयोग द्वारा सभी राउंड की मतगणना पूरी होने के बाद की जाएगी।







