जबलपुरदेशमध्य प्रदेशराज्य

कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत का दमदार पंच,जैस्मिन, प्रीति और सोमन ने दिलाया स्वर्ण,

 कुल पदक 30; ट्रिपल जंप में भी दो पदक, जादुमणि को रजत

नई दिल्ली,यशभारत। कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है। शनिवार को भारत ने तीन स्वर्ण सहित कई पदक जीतकर अपनी दावेदारी और मजबूत कर दी। महिला बॉक्सिंग में जैस्मिन लांबोरिया और प्रीति पवार ने स्वर्ण पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया, जबकि पैरा शॉटपुट की एफ-57 स्पर्धा में सोमन राणा ने सीजन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए गोल्ड अपने नाम किया। इसके साथ ही भारत के खाते में अब 8 स्वर्ण सहित कुल 30 पदक हो गए हैं और भारतीय दल पदक तालिका में छठे स्थान पर पहुंच गया है।

महिला 57 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में जैस्मिन लांबोरिया ने नॉर्दर्न आयरलैंड की मिकाएला वॉल्स को हराकर स्वर्ण पदक जीता। वहीं 54 किलोग्राम वर्ग में प्रीति पवार ने कनाडा की सवाना डोलमागो को मात देकर भारत को एक और गोल्ड दिलाया। प्रीति इससे पहले एशियन गेम्स, एशियन चैंपियनशिप और वर्ल्ड बॉक्सिंग कप में भी पदक जीत चुकी हैं, जबकि जैस्मिन वर्तमान में अपने वर्ग की दुनिया की नंबर-1 मुक्केबाज हैं।पैरा एथलेटिक्स की एफ-57 शॉटपुट स्पर्धा में सोमन राणा ने 13.40 मीटर का सीजन बेस्ट थ्रो कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसी स्पर्धा में भारत के शुभम जुयाल ने 13.28 मीटर के साथ रजत पदक जीता।एथलेटिक्स में भी भारत का प्रदर्शन दमदार रहा। पुरुष ट्रिपल जंप में प्रवीण चित्रावेल ने 16.58 मीटर की छलांग के साथ रजत और सेल्वा प्रभु ने 16.52 मीटर के प्रयास से कांस्य पदक हासिल किया।हालांकि पुरुष 55 किलोग्राम बॉक्सिंग वर्ग में भारत के जादुमणि सिंह स्वर्ण से चूक गए। उन्होंने फाइनल का पहला राउंड जीतने के बावजूद ऑस्ट्रेलिया के जाई डिक्सन से मुकाबला हारकर रजत पदक हासिल किया।

उधर, जूडो में उन्नति शर्मा महिला 63 किलोग्राम वर्ग के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई हैं। प्रतियोगिता में एथलेटिक्स, पैरा एथलेटिक्स, जूडो, ट्रैक साइक्लिंग और लॉन बॉल्स सहित कुल 44 स्वर्ण पदकों का फैसला होना है। भारतीय खिलाड़ियों से पदकों की संख्या में और इजाफा होने की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button