भोपाल में 15 किलो गांजे के साथ उड़ीसा से आया तस्कर गिरफ्तार

भोपाल में 15 किलो गांजे के साथ उड़ीसा से आया तस्कर गिरफ्तार
भोपाल, यशभारत। राजधानी भोपाल में चलाए जा रहे नशे से दूरी है जरूरी अभियान के तहत क्राइम ब्रांच पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एमपी नगर क्षेत्र स्थित डीबी मॉल के सामने से एक गांजा तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 15.030 किलोग्राम अवैध गांजा और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल जप्त की गई है। जप्त किए गए मादक पदार्थ और वाहन की कुल कीमत लगभग ₹3,00,600 बताई जा रही है।
पुलिस आयुक्त भोपाल संजय कुमार के निर्देशों पर क्राइम ब्रांच की टीम शहर में अवैध मादक पदार्थों की धरपकड़ के लिए अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि डीबी मॉल के पास ग्राउंड के समीप एक युवक मोटरसाइकिल की सीट पर बोरी बांधकर गांजा बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अशोक मरावी और उनकी टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम शिवम शर्मा निवासी ग्राम सिलपटी, थाना ईसागढ़, जिला अशोकनगर बताया। आरोपी की शैक्षणिक योग्यता 12वीं पास है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी दोपहिया वाहन के जरिए उड़ीसा से गांजा लाकर भोपाल और आसपास के इलाकों में सप्लाई करता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। क्राइम ब्रांच अब आरोपी के मोबाइल फोन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण कर यह पता लगाने में जुटी है कि उसे यह गांजा किस नेटवर्क के जरिए मिला था और वह इसे शहर में किन-किन लोगों को सप्लाई करने वाला था।







