जबलपुरमध्य प्रदेश

665 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात, मुख्यमंत्री ने किया अमृत 1.0 सीवेज परियोजना का लोकार्पण

प्रदेश के सभी शहरों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार ज़ारी

जबलपुर,यशभारत। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को घंटाघर स्थित गीता भवन में आयोजित कार्यक्रम में जबलपुर को 665 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने 362.31 करोड़ रुपये की लागत से तैयार अमृत 1.0 सीवेज परियोजना का लोकार्पण किया। इसके साथ ही अत्याधुनिक हाई-टेक फिश मार्केट, मॉडर्न लॉन्ड्री तथा अन्य जनहितैषी विकास कार्यों का भी शुभारंभ किया।

नगर निगम के अनुसार अमृत 1.0 परियोजना के तहत शहर में 247 किलोमीटर लंबा सीवर नेटवर्क बिछाया गया है तथा 89 हजार घरेलू सीवर कनेक्शन प्रदान किए गए हैं। परियोजना के अंतर्गत कठौंदा में 32 एमएलडी, ललपुर में 34 एमएलडी और तेवर में 29 एमएलडी क्षमता के तीन अत्याधुनिक सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) स्थापित किए गए हैं, जिनकी कुल क्षमता 95 एमएलडी है। इस परियोजना से शहर के लगभग 89 हजार घरों को वैज्ञानिक सीवेज प्रबंधन की सुविधा मिलेगी और गलियों में बहने वाले गंदे पानी की समस्या से काफी हद तक निजात मिलेगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार आधुनिक एवं स्वच्छ शहरों के निर्माण के लिए लगातार कार्य कर रही है। अमृत 1.0 सीवेज परियोजना न केवल स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करेगी, बल्कि नदियों और पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि आधुनिक अधोसंरचना के विकास से नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और जबलपुर एक सुव्यवस्थित एवं विकसित शहर के रूप में आगे बढ़ेगा।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति रही। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास और जनकल्याण के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए प्रदेश के सभी शहरों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button