आदिवासी मुद्दों पर कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने सीएम से की मुलाकात विश्व आदिवासी दिवस पर अवकाश, निजीकरण पर रोक और हत्या के आरोपियों पर कार्रवाई की मांग

आदिवासी मुद्दों पर कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने सीएम से की मुलाकात
विश्व आदिवासी दिवस पर अवकाश, निजीकरण पर रोक और हत्या के आरोपियों पर कार्रवाई की मांग
भोपाल, यश भारत। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में कांग्रेस विधायक दल के आदिवासी प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर आदिवासी समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने 9 अगस्त विश्व आदिवासी दिवस पर राज्यस्तरीय सार्वजनिक अवकाश घोषित करने आदिवासी क्षेत्रों के शासकीय आईटीआई छात्रावासों एवं स्वास्थ्य केंद्रों के निजीकरण पर तत्काल रोक लगाने तथा रीवा आदिवासी कांग्रेस के जिला अध्यक्ष की हत्या के दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की। मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि आदिवासी समाज के सम्मान अधिकार और भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे सरकार के समक्ष मजबूती से रखे गए हैं। उन्होंने जर्जर आदिवासी छात्रावासों की स्थिति सुधारने और रीवा हत्याकांड के आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की भी मांग दोहराई। सिंघार ने बताया कि मुख्यमंत्री ने सभी मांगों पर सकारात्मक आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आदिवासी समाज के अधिकारों सम्मान और संवैधानिक हितों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी। प्रतिनिधिमंडल में विधायक फूंदेलाल मार्को केदार डाबर, झूमा सोलंकी संजय उइके और सुनील उइके भी शामिल रहे।







