फर्जी आईएएस तृप्ति सिंह ने साकेत नगर की कोचिंग में दी थी अफसर बनने की सीख

फर्जी आईएएस तृप्ति सिंह ने साकेत नगर की कोचिंग में दी थी अफसर बनने की सीख
– जिस युवती को छात्र मान रहे थे रोल मॉडल, वही निकली फर्जी
भोपाल, यश भारत। साकेत नगर स्थित एक कोचिंग संस्थान के छात्रों के बीच कुछ समय पहले तृप्ति सिंह राजपूत एक ऐसे चेहरे के रूप में पहुंची थीं, जिसे छात्र प्रशासनिक सेवा की तैयारी और आईएएस बनने की राह का अनुभव रखने वाली शख्सियत मान रहे थे। उन्होंने विद्यार्थियों से बातचीत कर उन्हें सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी, लक्ष्य तय करने और करियर को लेकर मार्गदर्शन दिया था। उस समय छात्रों के लिए यह मुलाकात प्रेरणादायक रही, लेकिन अब भोपाल और चंदेरी में फर्जी आईएएस बनकर लोगों से ठगी के आरोप में उनकी गिरफ्तारी के बाद वही मुलाकात सवालों के घेरे में आ गई है।
छात्रों को बताया था आईएएस बनने का रास्ता
साकेत नगर के कोचिंग संस्थान में दो साल पहले आयोजित कार्यक्रम में तृप्ति ने विद्यार्थियों से संवाद किया था। उन्होंने छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर अपने अनुभव बताए और प्रशासनिक सेवा में जाने के लिए लक्ष्य के प्रति लगातार मेहनत करने की बात कही। विद्यार्थियों को पढ़ाई की रणनीति, अनुशासन और अपने लक्ष्य पर फोकस बनाए रखने के संबंध में करियर गाइडेंस दिया गया था।
विधानसभा के वीडियो भी आए सामने
तृप्ति से जुड़े कुछ वीडियो सामने आने के बाद मामला और चर्चा में आ गया है। इनमें वह अपनी दो सहेलियों के साथ विधानसभा परिसर में घूमती और ब्लॉग बनाती दिखाई दे रही हैं। एक वीडियो में उनकी सहेली उन्हें सीनियर बताती है, जबकि तृप्ति खुद को प्रोबेशनर बताते हुए नजर आती हैं।





