बम की धमकी के बाद अहमदाबाद डायवर्ट हुई एअर इंडिया की फ्लाइट
टिश्यू पेपर पर मिली धमकी, अहमदाबाद एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग

अहमदाबाद, यशभारत।। सऊदी अरब के दम्माम से नई दिल्ली जा रही एअर इंडिया की एक फ्लाइट में बम की धमकी मिलने के बाद विमान की अहमदाबाद एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। धमकी मिलने के बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने विमान को दिल्ली के बजाय अहमदाबाद की ओर डायवर्ट किया। जानकारी के अनुसार विमान में बम होने की धमकी एक टिश्यू पेपर पर लिखी हुई मिली थी। सूचना सामने आते ही सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं और विमान को निर्धारित प्रक्रिया के तहत अहमदाबाद एयरपोर्ट पर उतारा गया। लैंडिंग के बाद विमान में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने विमान की जांच शुरू की। यात्रियों और क्रू सदस्यों की भी आवश्यक जांच की गई। घटना के बाद एयरपोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। फिलहाल धमकी की सत्यता और इसे विमान तक पहुंचाने वाले व्यक्ति की जानकारी जुटाने के लिए जांच जारी है।







