वाहन की ठोकर से एक की मौत, दूसरा गंभीर, कटनी-पन्ना रोड पर दर्दनाक हादसा

कटनी/शाहनगर, यशभारत। कटनी-पन्ना रोड पर शाहनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत पौसी मोड़ के पास बुधवार शाम तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। अज्ञात वाहन ने एक मोटरसाइकिल को जोरदार ठोकर मार दी, जिससे बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में चौपरा निवासी 40 वर्षीय नत्थू आदिवासी की सिर में गंभीर चोट लगने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं पौसी निवासी 40 वर्षीय विनोद आदिवासी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 के पायलट अफजल अली और आरक्षक बृजभान बागरी मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहनगर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला चिकित्सालय कटनी रिफर कर दिया गया। शाहनगर पुलिस के एएसआई रंजीत कुजूर और आरक्षक रविन्द्र भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी शाहनगर भिजवाया और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। हादसे में क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल का नंबर एमपी 35 जेएफ 1876 बताया गया है।







