भोपालमध्य प्रदेश

मूंग उपार्जन पर सरकार का बड़ा फैसला, 25 से बढ़ाकर 60% होगी खरीदी – ई-टोकन व्यवस्था फिलहाल स्थगित, स्लॉट बुकिंग 10 अगस्त और खरीदी 20 अगस्त तक बढ़ी

मूंग उपार्जन पर सरकार का बड़ा फैसला, 25 से बढ़ाकर 60% होगी खरीदी

– ई-टोकन व्यवस्था फिलहाल स्थगित, स्लॉट बुकिंग 10 अगस्त और खरीदी 20 अगस्त तक बढ़ी

भोपाल, यश भारत । किसानों के आंदोलन और प्रतिनिधियों के साथ हुई चर्चा के बाद मध्यप्रदेश सरकार ने ग्रीष्मकालीन मूंग उपार्जन को लेकर बड़ा फैसला लिया है। कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंसाना ने  घोषणा की कि अब पात्र किसानों से उनकी मूंग उपज का 60 प्रतिशत तक उपार्जन किया जाएगा। पहले यह सीमा 25 प्रतिशत थी। सरकार ने किसानों को राहत देते हुए खाद वितरण में लागू ई-टोकन व्यवस्था को भी तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया है।

कृषि मंत्री ने बताया कि भारत सरकार ने इस वर्ष प्रदेश के लिए 4.52 लाख मीट्रिक टन मूंग उपार्जन का लक्ष्य तय किया है। केंद्र की योजना के तहत कुल उत्पादन का अधिकतम 25 प्रतिशत उपार्जन किया जाना था, लेकिन राज्य सरकार ने किसानों के हित में प्रत्येक पात्र किसान से उसकी उपज का 60 प्रतिशत तक खरीदने का निर्णय लिया है। नर्मदापुरम, सीहोर और हरदा जैसे जिलों में यह लगभग तीन क्विंटल प्रति एकड़ के बराबर होगा। यह निर्णय तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

सरकार ने किसानों की सुविधा को देखते हुए स्लॉट बुकिंग की अंतिम तिथि 30 जुलाई से बढ़ाकर 10 अगस्त कर दी है। वहीं, मूंग उपार्जन की अंतिम तिथि भी 10 अगस्त से बढ़ाकर 20 अगस्त कर दी गई है, ताकि अधिक से अधिक किसान अपनी उपज बेच सकें।

खाद वितरण में लागू ई-टोकन व्यवस्था को लेकर किसानों से मिली शिकायतों के बाद मुख्यमंत्री के निर्देश पर कृषि उत्पादन आयुक्त की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समिति गठित करने का निर्णय लिया गया है। समिति व्यवस्था की समीक्षा कर अपनी अनुशंसाएं सरकार को सौंपेगी। रिपोर्ट आने तक ई-टोकन के माध्यम से खाद वितरण की व्यवस्था स्थगित रहेगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button