भोपालमध्य प्रदेश

किसानों की मांगों पर समाधान की दिशा में पहल, किसान प्रतिनिधियों से बैठक शुरू

किसानों की मांगों पर समाधान की दिशा में पहल, किसान प्रतिनिधियों से बैठक शुरू
भोपाल, यश भारत । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर किसानों की विभिन्न मांगों के समाधान के लिए गठित मंत्री समूह ने बुधवार देर शाम किसान प्रतिनिधियों के साथ चर्चा शुरू की। बैठक में कृषि मंत्री इंदल सिंह कंसाना, सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग और पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री कृष्णा गौर शामिल हैं।
बैठक में किसान संगठनों के प्रतिनिधि अपनी मांगों और समस्याओं को सरकार के समक्ष विस्तार से रख रहे हैं। सरकार की ओर से किसानों की बात सुनने और व्यावहारिक समाधान निकालने के उद्देश्य से यह संवाद किया जा रहा है। बैठक में मूंग खरीदी, ई-टोकन व्यवस्था सहित किसानों से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हो रही है।
राजधानी भोपाल में किसानों का आंदोलन जारी है। विभिन्न मांगों को लेकर किसान प्रदर्शन कर रहे हैं, जिसके चलते सरकार ने वार्ता के माध्यम से गतिरोध समाप्त करने की पहल की है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अधिकारियों और मंत्री समूह को किसानों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार कर सकारात्मक समाधान तलाशने के निर्देश दिए हैं।
बैठक के परिणाम पर किसानों और प्रशासन दोनों की नजरें टिकी हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि चर्चा के माध्यम से सहमति का रास्ता निकलेगा और लंबे समय से चली आ रही मांगों के समाधान की दिशा में ठोस निर्णय सामने आएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button