जबलपुरमध्य प्रदेश

रांझी क्षेत्र को मिलेगी बेहतर बिजली आपूर्ति, 10 एमवीए का नया पावर ट्रांसफार्मर स्थापित

75 लाख रुपए की लागत से स्थापित

जबलपुर,यशभारत। रांझी क्षेत्र में बढ़ते विद्युत भार और उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 33/11 केवी रांझी उपकेंद्र में 10 एमवीए क्षमता का नया पावर ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया है। करीब 75 लाख रुपए की लागत से स्थापित इस ट्रांसफार्मर का लोकार्पण कैंट विधायक अशोक ईश्वरदास रोहाणी ने किया।

नए ट्रांसफार्मर की स्थापना से रांझी संभाग के गोकलपुर फीडर से जुड़े जज कॉलोनी, 42 क्वार्टर, गोकलपुर बस्ती, गोकलपुर मेन रोड, उदयनगर-1, 2 व 3 सहित बजरंगनगर फीडर के शांतिनगर, शारदानगर, बजरंगनगर, अमननगर, अमरनगर, सेंट मेरी स्कूल और गंगामैया क्षेत्र के उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा। इससे क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति की क्षमता बढ़ने के साथ ओवरलोडिंग और विद्युत अवरोध की समस्या में कमी आने की उम्मीद है।

विद्युत विभाग ने बताया कि रांझी क्षेत्र में लगातार हो रहे विकास को देखते हुए भविष्य में बढ़ने वाले विद्युत भार को ध्यान में रखकर पहले से ही 10 एमवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया है। यह कार्य वर्कप्लान योजना के तहत विभागीय खर्च पर कराया गया।

इस अवसर पर विधायक रोहाणी ने रांझी क्षेत्र में आरडीएसएस योजना के तहत किए जा रहे फीडर विभक्तिकरण, फीडर इंटरकनेक्शन, विद्युत तारों के केबलीकरण और केबल क्षमतावृद्धि के कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने शेष कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही उपभोक्ताओं की बिलिंग संबंधी शिकायतों का त्वरित और संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

कार्यक्रम में अधीक्षण अभियंता (शहर) संजय अरोरा, कार्यपालन अभियंता (उत्तर) विकास सिंह, अखिलेश गुप्ता, सहायक अभियंता एसएस नायक सहित पार्षद दमोदर सोनी, अनुराग दाहिया, संतोषी ठाकुर, प्रशांत झारिया, मंडल अध्यक्ष पुष्पराज सिंह सेंगर, हेमराज सराठे, दशरथ पटेल, सुरेश पटेल, सुधीर बेन सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button