नकली गुटखे की फैक्ट्री पर पुलिस का बड़ा छापा, अवैध कारोबार का खुला राज
बंगला लाइन से भारी मात्रा में नकली 'लहर' गुटखा, मसाला और मशीनें जब्त; संचालक गिरफ्तार, पूरे नेटवर्क की जांच शुरू

नकली गुटखे की फैक्ट्री पर पुलिस का बड़ा छापा, अवैध कारोबार का खुला राज
बंगला लाइन से भारी मात्रा में नकली ‘लहर’ गुटखा, मसाला और मशीनें जब्त; संचालक गिरफ्तार, पूरे नेटवर्क की जांच शुरू

कटनी, यशभारत। शहर में लंबे समय से फल-फूल रहे कथित नकली गुटखा कारोबार पर आखिरकार पुलिस का शिकंजा कसना शुरू हो गया है। माधवनगर थाना पुलिस ने बंगला लाइन क्षेत्र में संचालित एक कथित नकली गुटखा निर्माण इकाई पर छापामार कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में नकली “लहर” गुटखा, मसाला, पैकिंग सामग्री और निर्माण में इस्तेमाल होने वाली दो मशीनें जब्त की हैं। मौके से फैक्ट्री संचालक निलेश पाहुजा को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि बंगला लाइन स्थित एक परिसर में बड़े पैमाने पर नकली गुटखे का निर्माण और पैकिंग की जा रही है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी संजय दुबे के नेतृत्व में विशेष टीम ने दबिश दी। पुलिस के पहुंचते ही फैक्ट्री के भीतर कथित रूप से गुटखा बनाने और उसकी पैकिंग का काम चलता मिला। इसके बाद पूरी सामग्री जब्त कर फैक्ट्री को सील कर दिया गया।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि यहां तैयार किया जा रहा नकली गुटखा केवल कटनी ही नहीं, बल्कि आसपास के जिलों तक सप्लाई किया जा रहा था। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क से कौन-कौन लोग जुड़े हैं, कच्चा माल कहां से आता था और तैयार माल किन बाजारों में खपाया जाता था।
इस कार्रवाई के बाद अवैध गुटखा कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। शहर में चर्चा है कि यह कार्रवाई केवल एक फैक्ट्री तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। सूत्रों के अनुसार, कटनी में कथित रूप से कई अन्य स्थानों पर भी अलग-अलग ब्रांड के नाम से नकली अथवा अवैध गुटखा निर्माण और पैकिंग का कारोबार संचालित होने की आशंका जताई जाती रही है। यदि पुलिस और संबंधित विभाग गहन जांच करें तो इस अवैध कारोबार के और बड़े खुलासे हो सकते हैं।
अब निगाहें इस बात पर हैं कि क्या पुलिस इस कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए पूरे नेटवर्क तक पहुंचेगी या फिर मामला केवल एक फैक्ट्री तक ही सीमित रह जाएगा। यदि जांच निष्पक्ष और व्यापक हुई तो जिले में वर्षों से जड़ें जमा चुके इस कथित अवैध कारोबार की कई और परतें खुल सकती हैं।
फिलहाल पुलिस ने जब्त सामग्री को कब्जे में लेकर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है तथा पूरे नेटवर्क की जांच जारी है। अन्य स्थानों पर अवैध गुटखा निर्माण या अन्य कंपनियों के संचालन संबंधी बातें स्थानीय चर्चाओं और आशंकाओं के आधार पर हैं। इनकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी। यदि जांच में ऐसे तथ्य सामने आते हैं, तो संबंधित एजेंसियां नियमानुसार कार्रवाई करेंगी।
क्या कहते है थाना प्रभारी
माधवनगर थाना प्रभारी संजय दुबे ने बताया कि सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए नकली गुटखा निर्माण में उपयोग की जा रही मशीनें, तैयार माल एवं अन्य सामग्री जब्त की गई है। एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है और उससे पूछताछ जारी है। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। जांच के दौरान यदि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों या स्थानों की जानकारी सामने आती है तो उनके विरुद्ध भी नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।






