इस बार राखी पर नहीं भद्रा का साया.., कल सुबह 5 बजकर 47 मिनिट से शुभ मुहूर्त, पूर्णिमा तिथि पर चंद्रग्रहण, लेकिन भारत में दिखाई नहीं देगा

कटनी, यशभारत। भाई-बहन के प्रेम, स्नेह और विश्वास का पर्व रक्षाबंधन कल 28 अगस्त को मनाया जाएगा। पूर्णिमा तिथि का उदय 28 अगस्त को होने के कारण इसी दिन रक्षाबंधन मनाना शास्त्रसम्मत माना गया है। खास बात यह है कि रक्षाबंधन के दिन भद्रा का प्रभाव नहीं रहेगा। वहीं पूर्णिमा पर चंद्रग्रहण होने के बावजूद भारत में दिखाई नहीं देने के कारण इसका पर्व पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। इससे बहनें निश्चिंत होकर शुभ मुहूर्त में भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांध सकेंगी।
भद्रा पूर्णिमा के लगते ही शुरू होगा
ज्योतिषाचार्य पंडित लोकश व्यास के अनुसार पूर्णिमा तिथि 27 अगस्त की सुबह नौ बजकर आठ मिनट से प्रारंभ होगी। इसी के साथ भद्रा भी प्रारंभ हो जाएगी, जो रात नौ बजकर 32 मिनट तक रहेगी। शास्त्रों में भद्रा काल में शुभ कार्य और विशेष रूप से रक्षाबंधन पर राखी बांधने को उचित नहीं माना गया है। उदया तिथि में पूर्णिमा रहने के कारण रक्षाबंधन का पर्व मनाया जाएगा
सुबह से शुरू होगा शुभ मुहूर्त
28 अगस्त को राखी बांधने का शुभ मुहूर्त सुबह 5 बजकर 47 मिनिट से प्रारंभ होगा। इसके अलावा दोपहर 11 बजकर 44 मिनिट से 12 बजकर 35 मिनिट तक अभिजीत मुहूर्त रहेगा। इस अवधि में राखी बांधना विशेष शुभ माना गया है। बहनें भाइयों को तिलक लगाकर आरती करेंगी और उनकी कलाई पर रक्षा सूत्र बांधेंगी। भाई भी बहनों की रक्षा और सुख-समृद्धि का संकल्प लेते हुए उन्हें उपहार देंगे।
चंद्रग्रहण का नहीं पड़ेगा प्रभाव
पूर्णिमा तिथि पर चंद्रग्रहण भी होगा लेकिन यह ग्रहण भारत में दिखाई नहीं देगा। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार जो ग्रहण किसी स्थान पर दिखाई नहीं देता, वहां सामान्यत: उसके आधार पर सूतक आदि की गणना नहीं की जाती। इसलिए रक्षाबंधन के पर्व पर चंद्रग्रहण का कोई प्रभाव नहीं रहेगा और श्रद्धालु सामान्य रूप से पूजा पाठ तथा राखी बांधने का आयोजन कर सकेंगे।
रक्षा सूत्र में छिपा है भाई बहन के स्नेह का भाव
रक्षाबंधन केवल राखी बांधने का पर्व नहीं, बल्कि भाई-बहन के आपसी प्रेम, विश्वास और जिम्मेदारी का प्रतीक है। धार्मिक परंपरा में रक्षा सूत्र को मंगलकामना और संरक्षण का प्रतीक माना गया है। बहन भाई के स्वस्थ, सुखी और समृद्ध जीवन की कामना करती है, जबकि भाई बहन के प्रति स्नेह और सुरक्षा का भाव व्यक्त करता है। बदलते समय के साथ पर्व का स्वरूप भले बदला हो लेकिन भाई बहन के रिश्ते में प्रेम और आत्मीयता का भाव आज भी इसकी सबसे बड़ी विशेषता है। रक्षाबंधन के अवसर पर बाजारों में भी विशेष रौनक रहेगी। रंग बिरंगी राखियोंए मिठाइयों और उपहारों की खरीदारी के लिए बाजारों में भीड़ रहने की संभावना है। घरों में पकवान बनाए जाएंगे और बहनें शुभ मुहूर्त में विधि विधान से भाइयों को राखी बांधकर पर्व मनाएंगी।
भारतीय संस्कृतिक का महत्वपूर्ण त्योहार
कल शुक्रवार को रक्षाबंधन का त्योहार है। इस त्योहार के संबंध में ज्योतिषविद् के अनुसार रक्षाबंधन भारतीय संस्कृतिक और धार्मिक परंपरा का महत्वपूर्ण त्योहार है, जिसे भाई बहन के रिश्ते को मजबूत करने के लिए मनाया जाता है। यह त्योहार हर साल श्रावण मास की पूर्णिमा को बड़े धूमधाम से मनाया जाता है। इस दिन बहनें अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधती हैं और उनके लंबी उम्र और खुशहाली की कामना करती हैं। जबकि भाई अपनी बहनों को उपहार देकर उन्हें सुरक्षा का आश्वासन देते हैं। अच्छे मुहूर्त अथवा भद्रा रहित काल में भाई की कलाई पर राखी बांधने से भाई को कार्य सिद्धि और विजय प्राप्त होती है।
मिलावटी मिठाई का कारोबार जोरों पर
मिलावटी मिठाई का कारोबार जोरों पर है। इधर त्योहार रक्षाबंधन को लेकर युवतियों एवं महिलाओं में खासा उत्साह है। बहन अपने भाई के कलाई पर राखी बांधने के लिए उत्साहित हैं और वही नगर से लेकर कस्बों में रक्षाबंधन के गीत सुनाई दे रहे हैं। साथ ही दुकानों में राखियां सजी हुई हैं। त्योहार को लेकर फलों के दाम में भी वृद्धि हो गई है। बताया जा रहा है कि बाजार में मिठाई के दुकानों में भी मिलावट का कारोबार खूब फल-फूल रहा है। चर्चा है कि खाद्य औषधि निरीक्षक कार्रवाई के नाम पर खानपूर्ति कर वाहवाही लूटी है। इस महीने त्योहार के सीजन में कोई बड़ी कार्रवाई नही की जिसके चलते मिलावटी मिठाइयां खूब बिक रही हैं। शहर में मावा से लेकर मिलावटी दूध का कारोबार ओर पकडे हुए है। फिर भी जिम्मेदार अमले की नजर इन मिलावटखोरों पर नहीं पड़ रही है। जबकि कलेक्टर मिलावटखोरों के विरूद्ध सख्ती के साथ कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया है।
पवई के बाजारों में बढ़ी रौनक
भाई-बहन के अटूट प्रेम के प्रतीक रक्षाबंधन पर्व को लेकर पवई के बाजारों में जबरदस्त रौनक देखने को मिल रही है। राखी और मिठाइयों के साथ साथ श्रृंगार और परिधानों की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ उमड़ रही है। त्योहार के चलते बुधवार को दिनभर नगर के ब्यूटी पार्लरों में महिलाओं की भारी भीड़ लगी रही। महिलाएं रक्षाबंधन पर सजने संवरने के लिए मेहंदी, ब्यूटी ट्रीटमेंट और अन्य श्रृंगार के लिए पार्लरों में लाइन लगी रही वहीं रेडीमेड गारमेंट्स, साड़ी सेंटर और जनरल स्टोरों पर भी खासी चहल पहल रही। बहनों ने अपने लिए नए कपड़े, साडिय़ांऔर कॉस्मेटिक सामान की खरीदारी की, जबकि भाइयों के लिए गिफ्ट आइटमों की भी जमकर बिक्री हुई। गांधी चौक, झंडा बाजार, मिलौनीगंज और बस स्टैंड क्षेत्र के बाजार देर शाम तक दुकानों पर महिलाओ की भीड़ रही। दुकानदारों के अनुसार इस बार रक्षाबंधन पर मंहगाई होने का असर रहा पिछले वर्षों की अपेक्षा इस बार ग्राहकी कम रही।







