एमपी में चार दिन बारिश का दौर, 7 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

एमपी में चार दिन बारिश का दौर, 7 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
भोपाल, यश भारत । मध्यप्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय है। प्रदेश के पूर्वी हिस्से में अगले चार दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। शनिवार को मौसम विभाग ने रीवा, सीधी, कटनी, शहडोल, अनूपपुर, सिवनी और बालाघाट में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। राजधानी भोपाल में रिमझिम बारिश होने के आसार हैं।
जबलपुर, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा, सतना, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, उमरिया, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में भी कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हो सकती है। वहीं इंदौर, उज्जैन और ग्वालियर-चंबल संभाग में तेज बारिश की संभावना कम है।
सामान्य से 2.6 इंच कम बारिश
मौसम केंद्र के अनुसार प्रदेश में अब तक 683.9 मिमी बारिश दर्ज की गई है। यह सामान्य बारिश 750.9 मिमी से करीब 2.6 इंच कम है। प्रदेश में अब तक सामान्य से करीब 9 प्रतिशत कम बारिश हुई है। पूर्वी हिस्से में 6 प्रतिशत और पश्चिमी हिस्से में 12 प्रतिशत बारिश की कमी दर्ज की गई है।







