एमबीबीएस इंटर्न्स की हड़ताल चौथे दिन भी जारी, सरकार ने बातचीत के लिए बुलाया

एमबीबीएस इंटर्न्स की हड़ताल चौथे दिन भी जारी, सरकार ने बातचीत के लिए बुलाया
आज का अनशन टला, कल स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से होगी बैठक, लिखित आश्वासन नहीं मिला तो अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल की चेतावनी
भोपाल, यश भारत। स्टाइपेंड बढ़ाने सहित विभिन्न मांगों को लेकर एमबीबीएस इंटर्न्स की कामबंद हड़ताल सोमवार को चौथे दिन भी जारी रही। आंदोलन के बीच राज्य सरकार की ओर से इंटर्न्स को बातचीत के लिए न्योता दिया गया है। इसके तहत मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और इंटर्न्स के प्रतिनिधियों के बीच बैठक होगी।सरकार की ओर से बातचीत का प्रस्ताव मिलने के बाद इंटर्न्स ने सोमवार को प्रस्तावित सांकेतिक अनशन एक दिन के लिए स्थगित कर दिया। इंटर्न्स का कहना है कि वे बातचीत के जरिए समाधान चाहते हैं, लेकिन उनकी मांगों पर ठोस और लिखित आश्वासन मिलना जरूरी है।
इंटर्न्स ने स्पष्ट किया है कि यदि मंगलवार को होने वाली बैठक में उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं हुआ और लिखित आश्वासन नहीं मिला तो वे आंदोलन को और तेज करते हुए अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करेंगे। इंटर्न्स का कहना है कि लंबे समय से स्टाइपेंड और अन्य सुविधाओं को लेकर उनकी मांगें लंबित हैं, जिन पर अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। इधर स्वास्थ्य विभाग की ओर से उम्मीद जताई जा रही है कि बातचीत के जरिए विवाद का समाधान निकल सकेगा और इंटर्न्स जल्द ही काम पर लौटेंगे। दोनों पक्षों की बैठक पर अब सभी की नजरें टिकी हैं।






