भीषण सड़क हादसा: इलाज के दौरान घायल युवती की भी मौत, कार-बाइक भिड़ंत में अब तक 3 लोगों की गई जान

सागर |सागर के गढ़ाकोटा रोड पर बहेरिया थाना क्षेत्र के सामने हुई दर्दनाक कार और बाइक की भिड़ंत में घायल युवती खुशबू ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस हादसे में दो युवकों की पहले ही मौत हो चुकी थी, जिसके बाद अब इस सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है।
बताया जा रहा है कि बहेरिया थाने के सामने एक तेज रफ्तार कार और मोटरसाइकिल के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई थी।
हादसे में गंभीर रूप से घायल युवती खुशबू को तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों की देखरेख के बावजूद उसने इलाज के दौरान अंतिम सांस ली।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है और मामले की आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।







