भोपाल

मध्यप्रदेश बनेगा जीसीसी और सेमीकंडक्टर उद्योग का बड़ा केंद्र – हाई-टेक निवेश की नई उड़ान, एमपी टेक ग्रोथ कॉन्क्लेव 3.0 का हुआ

मध्यप्रदेश बनेगा जीसीसी और सेमीकंडक्टर उद्योग का बड़ा केंद्र
– हाई-टेक निवेश की नई उड़ान, एमपी टेक ग्रोथ कॉन्क्लेव 3.0 का हुआ
भोपाल, यश भारत। मध्यप्रदेश को देश के उभरते हुए हाई-टेक निवेश केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में राजधानी भोपाल में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। होटल ताज लेक फ्रंट में आयोजित एमपी टेक ग्रोथ कॉन्क्लेव 3.0 का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस वर्ष कॉन्क्लेव का मुख्य फोकस ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (जीसीसी), डेटा सेंटर और सेमीकंडक्टर जैसे भविष्य की अर्थव्यवस्था को गति देने वाले क्षेत्रों में निवेश आकर्षित करना रहा। सम्मेलन में देश-विदेश की प्रमुख टेक कंपनियों, उद्योगपतियों, निवेशकों, स्टार्टअप प्रतिनिधियों और नीति-निर्माताओं ने भाग लेकर मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाओं पर व्यापक चर्चा की।

WhatsApp Image 2026 07 13 at 12.04.53 1


उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश आज देश के सबसे तेजी से विकसित हो रहे राज्यों में शामिल है। औद्योगिक विकास, मजबूत आधारभूत संरचना, बेहतर सड़क एवं रेल नेटवर्क, पर्याप्त भूमि उपलब्धता, ऊर्जा संसाधनों और निवेशक हितैषी नीतियों के कारण प्रदेश निवेशकों की पहली पसंद बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उद्योगों को पारदर्शी प्रशासन, त्वरित अनुमतियां और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सूचना प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रॉनिक्स, डेटा सेंटर और सेमीकंडक्टर निर्माण जैसे क्षेत्रों में निवेश की अपार संभावनाएं हैं। सरकार ऐसी नीतियां लागू कर रही है, जिनसे वैश्विक कंपनियां मध्यप्रदेश में अपने ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर स्थापित करने के लिए आकर्षित हों। इससे प्रदेश में आधुनिक तकनीक का विस्तार होने के साथ-साथ बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार के अवसर भी उपलब्ध होंगे।
कॉन्क्लेव के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न उद्योग समूहों और निवेशकों के साथ वन-टू-वन बैठकें भी कीं। इन बैठकों में प्रदेश में निवेश, नई औद्योगिक इकाइयों की स्थापना, तकनीकी सहयोग, कौशल विकास और रोजगार सृजन जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान कई महत्वपूर्ण निवेश प्रस्तावों पर सहमति बनी तथा विभिन्न कंपनियों और राज्य सरकार के बीच रणनीतिक समझौता ज्ञापनों (एमओयू) का आदान-प्रदान भी किया गया। साथ ही कई नई परियोजनाओं की शुरुआत की घोषणा की गई।
सम्मेलन में विशेषज्ञों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्लाउड कंप्यूटिंग, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर, डेटा सुरक्षा, इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण और सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम जैसे विषयों पर अपने विचार साझा किए। उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने मध्यप्रदेश की नई औद्योगिक नीतियों की सराहना करते हुए राज्य में निवेश की संभावनाओं को सकारात्मक बताया।
राज्य सरकार का मानना है कि ऐसे आयोजनों से प्रदेश में हाई-टेक उद्योगों का तेजी से विस्तार होगा। इससे प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से हजारों रोजगार के अवसर सृजित होंगे, स्थानीय उद्योगों को नई तकनीक मिलेगी और स्टार्टअप इकोसिस्टम को भी मजबूती मिलेगी। साथ ही मध्यप्रदेश देश के डिजिटल, इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर सेक्टर में अपनी अलग पहचान स्थापित करेगा।
एमपी टेक ग्रोथ कॉन्क्लेव 3.0 के माध्यम से राज्य सरकार ने स्पष्ट संदेश दिया है कि मध्यप्रदेश अब पारंपरिक उद्योगों के साथ-साथ भविष्य की तकनीकों और नवाचार आधारित अर्थव्यवस्था का भी मजबूत केंद्र बनने की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। यह आयोजन प्रदेश को राष्ट्रीय और वैश्विक निवेश मानचित्र पर नई पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button