भोपाल

गोरखपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस में हमला, अवैध वेंडरों ने तीन रेल कर्मचारियों पर बरसाए चाकू, ट्रेन में मची चीख-पुकार

गोरखपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस में हमला, अवैध वेंडरों ने तीन रेल कर्मचारियों पर बरसाए चाकू, ट्रेन में मची चीख-पुकार
भोपाल, यश भारत । राजधानी भोपाल के पास गोरखपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस में अवैध वेंडरों ने मामूली विवाद के बाद ट्रेन के तीन कर्मचारियों पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। वारदात भदभदा और सूखी सेवनिया रेलवे स्टेशन के बीच हुई। हमले में तीनों कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए और खून से लथपथ हालत में ट्रेन के फर्श पर पड़े तड़पते रहे। घटना से पूरे कोच में चीख-पुकार मच गई और यात्री दहशत में आ गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी जितेंद्र खटीक और अंकित सुपारी कथित तौर पर अवैध रूप से ट्रेन में वेंडिंग का काम कर रहे थे। आरोप है कि दोनों रेल कर्मचारियों पर अवैध किचन से तैयार भोजन खरीदने का दबाव बना रहे थे। कर्मचारियों द्वारा विरोध करने पर पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों आरोपियों ने अचानक चाकू निकालकर कर्मचारियों पर ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिए। हमले में विजय कुमार, आनंद कुमार और किशन गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपियों ने उनके सिर, गले, सीने, पेट और पीठ पर कई वार किए। बचाव के दौरान एक कर्मचारी की उंगलियां भी गहरे जख्मी हो गईं, जबकि विजय कुमार के सिर पर गंभीर चोट लगने से उनकी हालत सबसे नाजुक बताई जा रही है।
हमले के बाद तीनों कर्मचारी ट्रेन के फर्श पर खून से लथपथ पड़े रहे। उनकी चीखें सुनकर यात्रियों में भगदड़ जैसे हालात बन गए। घटना के बाद ट्रेन में मौजूद लोगों ने तत्काल रेलवे अधिकारियों और सुरक्षा एजेंसियों को सूचना दी।
यह सनसनीखेज वारदात शनिवार को हुई थी, लेकिन इसका वीडियो रविवार को सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया। वीडियो में घायल कर्मचारी दर्द से कराहते और कोच में फैला खून घटना की भयावहता बयां करता है। पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश की जा रही है तथा घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button