भोपाल में यूसीसी के विरोध में मुस्लिम समुदाय का सम्मेलन, यूसीसी के बहिष्कार का किया ऐलान
Muslim community holds conference in Bhopal opposing the UCC; announces boycott of the UCC.

भोपाल में यूसीसी के विरोध में मुस्लिम समुदाय का सम्मेलन, यूसीसी के बहिष्कार का किया ऐलान
भोपाल यश भारत। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के विरोध में मुस्लिम समुदाय की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम में यूसीसी के बहिष्कार का ऐलान किया गया। कार्यक्रम का आयोजन ज्वाइंट एक्शन कमेटी के तत्वावधान में नूर मस्जिद के सामने स्थित बैंक्विट हॉल में किया गया।
कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए पोस्टर पर लिखा था शरीयत हमारी पहचान, विविधता हमारी शान। वहीं लोगों से अपील करते हुए संदेश दिया गया आइए अपने हक के लिए आवाज उठाइए, सब एक साथ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समुदाय के लोगों ने भाग लिया और यूसीसी को लेकर अपने विचार व्यक्त किए। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि देश की विविधता और धार्मिक पहचान का सम्मान बनाए रखा जाना चाहिए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंसूर सूफी ने कहा कि समान नागरिक संहिता को लेकर समुदाय में कई आशंकाएं हैं। उन्होंने लोगों से अपने संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि समुदाय अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को बनाए रखने के लिए एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करेगा। कार्यक्रम के अंत में ज्वाइंट एक्शन कमेटी की ओर से यूसीसी के विरोध को लेकर आगे भी जनजागरण अभियान चलाने की बात कही गई।







