तस्करों पर पुलिस का शिकंजा : 13 कार्टून अवैध शराब , कार जब्त, गुर्गा गिरफ्तार, गिरोह के दो सदस्य फरार

दमोह। जिले के बटियागढ़ थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से 13 कार्टून अवैध देशी शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि उसके दो साथी फरार हो गए।
पुलिस अधीक्षक दमोह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी पथरिया के नेतृत्व में मुखबिर की सूचना पर बटियागढ़ पुलिस ने वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान कार क्रमांक MP 28 CA 2497 को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान कार से देशी मदिरा मसाला प्रिंस ऑरेंज के 13 सीलबंद कार्टून बरामद हुए। प्रत्येक कार्टून में 50-50 पाउच (180 एमएल) के हिसाब से कुल 650 पाउच (117 बल्क लीटर) शराब मिली, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 65 हजार रुपये बताई गई।
पुलिस ने कार चालक महेन्द्र राजपूत (28 वर्ष), निवासी बाजार मोहल्ला, नरसिंहगढ़, थाना दमोह देहात को गिरफ्तार कर लिया। जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।
इस मामले में थाना बटियागढ़ में अपराध क्रमांक 186/2026 के तहत धारा 34(2), 42 आबकारी अधिनियम एवं 130/177 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। घटना में प्रयुक्त कार को भी जब्त कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय हटा में पेश किया गया।
कार्रवाई में सराहनीय भूमिका निभाने वाली टीम में थाना प्रभारी निरीक्षक रजनी शुक्ला, प्रधान आरक्षक विपेश चौबे, भानू उपाध्याय, नीरज रावत, आरक्षक ओमप्रकाश, श्रीराम, सोनू, अरुण साहू तथा डायल-112 के पायलट जितेन्द्र राजपूत शामिल रहे।






