सूरत से गिरफ्तार हुआ 5 हजार का इनामी आरोपी तरुण पटेल, रांझी पुलिस को मिली बड़ी सफलता

सूरत से गिरफ्तार हुआ 5 हजार का इनामी आरोपी तरुण पटेल, रांझी पुलिस को मिली बड़ी सफलता
जबलपुर, यश भारत। हत्या के प्रयास और अवैध वसूली जैसे गंभीर मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे 5 हजार रुपए के इनामी आदतन अपराधी तरुण पटेल को रांझी पुलिस ने गुजरात के सूरत से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर एसपी जबलपुर द्वारा 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। रांझी थाना प्रभारी उमेश गोलानी ने बताया कि 19 मई को फरियादी रवि कोरी की शिकायत पर तरुण पटेल और उसके साथियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया था। आरोप है कि तरुण ने लोहे की रॉड से रवि पर हमला किया था, जिससे उसके हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई थीं। आरोपी के खिलाफ पूर्व से भी अवैध वसूली के मामले दर्ज हैं और घटना के बाद से वह लगातार फरार चल रहा था।
मामले में आरोपी के साथी मोनू खान, सोनू यादव और सौरभ बैन को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। वहीं मुख्य आरोपी तरुण पुलिस से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। एसपी एवं सीएसपी के मार्गदर्शन में रांझी पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। मुखबिर की सूचना और तकनीकी निगरानी के आधार पर पुलिस टीम सूरत पहुंची और दबिश देकर तरुण पटेल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल लोहे की रॉड भी जब्त की है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे केंद्रीय जेल जबलपुर भेज दिया गया।







