कटनी

भारी वाहनों में पशुओं का क्रूरतापूर्वक परिवहन, नियमों की अव्हेलना, संगठनों की उदासीनता सवालों के घेरे में, एसपी ने कहा : शिकायतों की जांच कराकर की जाएगी कार्रवाई

कटनी, यशभारत। ट्रकों और अन्य वाहनों में पशुओं का क्रूरतापूर्वक परिवहन किए जाने का मामला सामने आया है। वाहनों में पशुओं के लिए खाने और पानी की व्यवस्था तक नहीं की जाती है और लंबी दूरी का सफर तय किया जाता है। ऐसे में शासन के नियमों की खुलेआम अव्हेलना हो रही है। पशुओं के एक स्थान से दूसरे स्थान तक परिवहन करने को लेकर वैसे तो राज्य शासन के कई नियम हैं, लेकिन कटनी में इसका पालन नहीं हो रहा है। विडम्बना इस बात की है कि पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। पशु प्रेमी सामाजिक संगठनों की उदासीनता भी सवालों के घेरे में है। हालांक पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा से जब बात की गई तो उनका कहना था कि इस तरह का मामला वीडियो के माध्यम से संज्ञान में आया है। शिकायतों की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। शिकायतों के माध्यम से रीवा और नागोद क्षेत्र से बकरों, बकरियों और भेड़ से भरे ट्रक चाका-पीरबाबा बायपास मार्ग से होते हुए गंतव्य के लिए निकलते हैं। इन वाहनों में पशुओं को बड़ी ही बेरहमी के साथ ठंूस-ठंूसकर भर दिया जाता है। बताया जाता है कि ये वाहन कटनी से हैदराबाद जाते हैं। ऐसी जानकारी मिली है कि बुधवार और रविवार को बड़ी संख्या में ऐसे ट्रक इस मार्ग से गुजरते हैं और हैदराबाद की मंडियों तक पहुंचते हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि इन ट्रकों में बड़ी संख्या में बकरे और भेड़ लादकर ले जाए जाते हैं, जहां उन्हें बिक्री के लिए भेजा जाता है। यह परिवहन पिछले लंबे समय से जारी है लेकिन संबंधित विभागों द्वारा आज तक जांच या कार्रवाई नहीं की गई। इस कारोबार में कटनी के ही कुछ लोग जुड़े हुए हैं, जो पशुओं का क्रूरतापूर्वक परिवहन करते हुए लाखों का मुनाफा कमा रहे हैं।
नाकों तक में नहीं हो रही जांच
शिकायतों में बताया गया है कि पशुओं से भरे ट्रक वन विभाग के नाका और हाईवे से होकर गुजरते हैं, जिससे परिवहन की निगरानी और जांच व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि किसी प्रकार का अवैध परिवहन या नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
इनका कहना है
पशुओं के क्रूरतापूर्वक परिवहन किए जाने का एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद शिकायतें सही पाए जाने पर संबंधित लोगों के विरूद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
-अभिनय विश्वकर्मा, पुलिस अधीक्षक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button