जबलपुरमध्य प्रदेश

यश भारत ब्रेकिंग : हाथीनाला हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा: सड़क हादसा नहीं, छह युवकों की थी सुनियोजित हत्या

जबलपुर के डॉक्टर समेत 8 आरोपी गिरफ्तार, तीन फरार; एक माह पहले रची गई थी साजिश

नरसिंहपुर, यशभारत।जिले के चर्चित हाथीनाला हत्याकांड में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए दावा किया है कि छह युवकों की मौत सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या थी। पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने करीब एक माह पहले से हत्या की साजिश रची थी और मृतकों की लगातार रेकी की जा रही थी। मामले में डॉक्टर सहित आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तीन आरोपी अब भी फरार हैं।

शनिवार को आयोजित प्रेसवार्ता में पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना वाले दिन शाम करीब 5 से 6 बजे हाथीनाला क्षेत्र में आरोपियों और मृतकों के बीच विवाद और मारपीट हुई थी। इसके बाद रात करीब 8 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग पर दो हाईवा वाहनों की मदद से युवकों को कुचलकर हत्या की गई। घटनास्थल से टाटा कंपनी के ट्रक का एक महत्वपूर्ण पार्ट बरामद हुआ, जिसने जांच को नई दिशा दी और साजिश का पर्दाफाश हुआ।

पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी आनंद राजपूत और मृतक राजेंद्र लोधी के बीच लंबे समय से अवैध रेत कारोबार और आपराधिक गतिविधियों को लेकर रंजिश चली आ रही थी। वारदात को अंजाम देने से पहले आरोपियों ने अलग-अलग स्थानों पर चार लोगों को निगरानी के लिए तैनात किया था, ताकि मृतकों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा सके।

जांच के दौरान डॉक्टर अमित खरे की भूमिका भी सामने आई। पुलिस के अनुसार डॉक्टर और मृतक राजेंद्र लोधी के बीच पैसों के लेन-देन तथा कथित मेडिको-लीगल केस (एमएलसी) को लेकर विवाद था। आरोप है कि राजेंद्र लोधी डॉक्टर को ब्लैकमेल कर रहा था। इसी विवाद के बाद डॉक्टर अमित खरे ने आनंद राजपूत से संपर्क किया और हत्या की साजिश ने अंतिम रूप लिया।

पुलिस ने इस मामले में राजा पटेल, अनुज ठाकुर, आनंद लोधी, भारत सिंह, अनिल पटेल, अरविंद्र लोधी, नरेंद्र सिंह और डॉक्टर अमित खरे को गिरफ्तार किया है। वहीं अनिल, ऋतुराज और प्रीतम अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button