शासकीय अभियानों में आशा कार्यकर्ताओं का योगदान सराहनीय, कैंसर रोग जांच एवं जागरूकता शिविर में सहभागिता के लिए 350 आशा कार्यकर्ताओं का सम्मान, वितरित किए गए छाते

कटनी, यशभारत। शैल्बी मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल जबलपुर के तत्वावधान में जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग तथा जिला चिकित्सालय के सहयोग से जिला पंचायत सभागार में आशा कार्यकर्ता सम्मान समारोह एवं छाता वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विगत 16 मई को आयोजित कैंसर रोग जांच एवं जागरूकता शिविर को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली 350 आशा कार्यकर्ताओं का सम्मान करते हुए उन्हें वर्षा ऋतु के लिए उपयोगी छाते वितरित किए गए। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा ने की। श्री विश्वकर्मा ने कहा कि आशा कार्यकर्ता ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की सबसे मजबूत कड़ी हैं। वे शासन की स्वास्थ्य योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में दिन-रात निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य कर रही हैं। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, पोषण, परिवार कल्याण और जन जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण अभियानों में उनका योगदान अत्यंत सराहनीय है। श्री विश्वकर्मा ने कहा कि आशा कार्यकर्ताओं का सम्मान केवल व्यक्तियों का सम्मान नहीं, बल्कि समाजसेवा, मानवता और जन स्वास्थ्य के प्रति उनके समर्पण का सम्मान है। जिला पंचायत सदैव आशा कार्यकर्ताओं के हितों, सम्मान और उनके कार्यों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध रहेगी। उन्होंने सभी आशा कार्यकर्ताओं को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी इसी सेवा भाव से कार्य करते रहने का आव्हान किया। कार्यक्रम के दौरान आशा कार्यकर्ताओं को छाते वितरित किए गए। अतिथियों ने भी आशा कार्यकर्ताओं की सेवा भावना की सराहना करते हुए उनके कार्यों को स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ बताया।
इनकी रही उपस्थिति
कार्यक्रम में सीईओ हरमनप्रीत कौर, सीएमएचओ डॉ राज सिंह ठाकुर, सिविल सर्जन डॉ यशवंत वर्मा, सांसद प्रतिनिधि पद्मेश गौतम की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के सफल आयोजन में शैल्बी मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल जबलपुर के डिप्टी सीएओ डॉ अंकित जैन एवं कोऑर्डिनेटर संजय जैन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।






