जबलपुर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम, पेपर लीक के विरोध में कांग्रेस ने उठाई आवाज
प्रभावी एवं सख्त कदम उठाने की मांग

जबलपुर,यशभारत। नीट पेपर लीक और युवाओं के अधिकारों के मुद्दे पर कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे देशव्यापी अभियान के तहत बुधवार को जबलपुर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह शामिल हुए और परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष यश लखन घनघोरिया, नगर कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए युवाओं के हितों की रक्षा और पेपर लीक जैसी घटनाओं पर रोक लगाने की मांग उठाई।
पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह ने कहा कि बार-बार हो रही पेपर लीक की घटनाओं से छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सरकार को प्रभावी एवं सख्त कदम उठाने चाहिए, ताकि छात्रों का विश्वास शिक्षा व्यवस्था में बना रहे।







