भोपालमध्य प्रदेश

इनोवा की टक्कर से पिता की मौत, बेटा जिंदगी और मौत के बीच झूल रहा

इनोवा की टक्कर से पिता की मौत, बेटा जिंदगी और मौत के बीच झूल रहा

भोपाल,यशभारत। राजधानी के कोलार थाना क्षेत्र स्थित अंकित परिसर के पास मंगलवार देर रात नशे में धुत्त एक कार चालक की लापरवाही ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। अत्यधिक रफ्तार से दौड़ रही एक अनियंत्रित इनोवा कार ने स्कूटी सवार पिता-पुत्र को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी चला रहे पिता शुभम अवस्थी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका मासूम बेटा माधव गंभीर रूप से घायल हो गया। बच्चे को इलाज के लिए एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार, हादसा रात करीब 12 बजे के आसपास हुआ। मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि आरोपी चालक अपने किसी परिचित की इनोवा कार मांगकर पार्टी करने निकला था और गाड़ी लगभग 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ा रहा था। रास्ते में ब्रेक लगाने के बजाय चालक ने गलती से एक्सीलेटर दबा दिया, जिससे कार बेकाबू हो गई। स्कूटी से टकराने से पहले कार ने सड़क पर कई अन्य लोगों को भी अपनी चपेट में लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और दोनों पिता-पुत्र सड़क पर दूर जा गिरे।

हादसे के समय कार में नशे का सामान बिखरा मिला। पुलिस की शुरुआती जांच में कार के अंदर से शराब की बोतलें, डिस्पोजल और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई है। टक्कर के दौरान कार के एयरबैग खुल जाने की वजह से चालक सुरक्षित बच गया। दुर्घटना के तुरंत बाद मौके पर भारी भीड़ एकत्रित हो गई। गुस्साए लोगों ने नशे में धुत्त चालक को मौके पर ही दबोच लिया और उसकी पिटाई करते हुए कार में तोड़फोड़ कर दी। सूचना मिलते ही कोलार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को भीड़ के चंगुल से बचाकर हिरासत में लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button