
जबलपुर,यश भारत । शहर में बिजली चोरी और अनियमितताओं पर अंकुश लगाने के लिए मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी का विशेष जांच अभियान लगातार जारी है। शनिवार को जमतरा क्षेत्र में हुई कार्रवाई के दौरान श्रीपाल डेयरी में बिजली उपयोग में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। जांच के दौरान श्री करण श्रीपाल, पिता रामकुमार की डेयरी में स्वीकृत भार से अधिक विद्युत उपयोग के साथ ही बिजली मीटर में लगभग 24 हजार यूनिट की ऐसी खपत दर्ज मिली, जो कंपनी के रिकॉर्ड में नहीं पाई गई। इस मामले में विद्युत अधिनियम की धारा-126 के तहत प्रकरण दर्ज करते हुए उपभोक्ता को 1,92,856 रुपये का आकलन बिल जारी किया गया है।
अधीक्षण अभियंता संजय अरोरा ने बताया कि इस सप्ताह शहरभर में बिजली की अनियमितताओं से जुड़े 195 प्रकरण दर्ज किए गए। इनमें पूर्व संभाग में 78, पश्चिम संभाग में 24, उत्तर संभाग में 47, दक्षिण संभाग में 25 तथा विजय नगर संभाग में 21 मामले शामिल हैं।इन कार्रवाइयों के तहत उपभोक्ताओं पर करीब 1.57 करोड़ रुपये की पेनाल्टी तथा 10.69 लाख रुपये की कंपाउंडिंग राशि निर्धारित की गई है।







