हथियारों की बड़ी खेप बरामद: पुलिस की रेड में 3 पिस्टल और 2 कट्टे जब्त, 3 फरार, जबलपुर से कटनी तक जुड़े हैं तार

हटा, दमोह। दमोह जिले की हटा पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर-जिला गिरोह का पर्दाफाश किया है।
पुलिस ने दो अलग-अलग प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि 3 अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। आरोपियों के कब्जे से 3 पिस्टल, 2 देसी कट्टे और 9 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि (IPS) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी हटा के.पी. सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने लगातार दबिश देकर यह सफलता हासिल की। कार्रवाई के दौरान अपराध क्रमांक 345/26 एवं 346/26 में आर्म्स एक्ट की धारा 25/27 के तहत प्रकरण दर्ज किए गए।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी दमोह के अलावा जबलपुर, कटनी और पन्ना जिलों के निवासी हैं, जिससे अवैध हथियारों के अंतर-जिला नेटवर्क का खुलासा हुआ है। पुलिस का कहना है कि गिरोह के फरार आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
जब्त सामग्री
3 पिस्टल
2 देसी कट्टे
9 जिंदा कारतूस
पुलिस की कार्रवाई
पूरे अभियान का संचालन एसडीओपी हटा के निर्देशन में किया गया। दो अलग-अलग टीमों का नेतृत्व थाना प्रभारी हटा निरीक्षक सुधीर कुमार बेगी एवं थाना प्रभारी पटेरा उप निरीक्षक धर्मेंद्र गुर्जर ने किया। कार्रवाई में साइबर शाखा सहित हटा, पटेरा, कुम्हारी और बिलाई चौकी के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त और आपराधिक गतिविधियों पर आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।







