जबलपुरदेशमध्य प्रदेश

यशभारत ब्रेकिंग : बरगी बांध हुआ लबालब, 9 गेट खुले; घाटों पर बढ़ेगा 3-4 फीट पानी

पानी की तेज धार देखने उमड़ा जनसैलाब

जबलपुर, यशभारत। बारिश के मौसम में पहली बार बरगी बांध के गेट खोल दिए गए। मंगलवार को बांध का जलस्तर बढ़ने के बाद रानी अवंती बाई लोधी सागर परियोजना प्रशासन ने सुबह 11.30 बजे बरगी बांध के 9 गेट खोलकर नर्मदा में पानी की निकासी शुरू कर दी। गेट खुलते ही उनसे निकलती पानी की विशाल धार और तेज बहाव का नजारा देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग बांध क्षेत्र में पहुंच गए। बांध के चार गेटों को एक-एक मीटर और पांच गेटों को आधा-आधा मीटर की औसत ऊंचाई तक खोला गया है। इन गेटों से करीब 1034 क्यूमेक पानी प्रति सेकंड नर्मदा में छोड़ा जा रहा है। वहीं पावर हाउस से 195 क्यूमेक पानी छोड़ा जा रहा है। इस तरह नर्मदा नदी में कुल 1226 क्यूमेक पानी प्रति सेकंड की निकासी हो रही है।

421 मीटर पहुंचा जलस्तर, 84 प्रतिशत जल उपयोगी क्षमता

परियोजना प्रशासन के अनुसार मंगलवार सुबह बरगी बांध का जलस्तर 421.00 मीटर दर्ज किया गया। बांध की वर्तमान जल उपयोगी क्षमता 2674 एमसीएम यानी 84.08 प्रतिशत है। वहीं बांध में पानी की आवक 1658 क्यूमेक बनी हुई है। लगातार हो रही पानी की आवक और जलस्तर को नियंत्रित रखने के लिए गेट खोलकर पानी की निकासी की जा रही है।

घाटों पर 3 से 4 फीट बढ़ सकता है पानी

गेट खोले जाने के बाद नर्मदा नदी के घाटों पर जलस्तर में करीब 3 से 4 फीट तक की बढ़ोतरी होने की संभावना है। ऐसे में नदी के घाटों और तटीय क्षेत्रों में जाने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। परियोजना प्रशासन ने सर्वसाधारण से नर्मदा के घाटों एवं तटीय क्षेत्रों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है।

आवक के हिसाब से बदलेगी पानी की निकासी

परियोजना प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बांध में पानी की आवक की स्थिति के अनुसार गेटों से छोड़े जा रहे पानी की मात्रा में कभी भी कमी या बढ़ोतरी की जा सकती है। इसलिए नदी किनारे रहने वाले और घाटों पर जाने वाले लोग प्रशासन की चेतावनी को गंभीरता से लें और बढ़ते जलस्तर के बीच नदी में जाने से बचें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button