रांझी पुलिस की कार्रवाई, युवक से देशी पिस्टल और कारतूस बरामद
पिस्टल 30 हजार रुपये में खरीदी थी

जबलपुर,यशभारत। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रांझी पुलिस ने एक युवक को देशी पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर पूछताछ की जा रही है।
थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी ने बताया कि गुरुवार रात पेट्रोलिंग के दौरान पुरानी शराब दुकान के पास एक युवक पुलिस को देखकर छिपने का प्रयास करने लगा। संदेह होने पर घेराबंदी कर उसे पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम शिवम शुक्ला उर्फ मोनू शुक्ला (23) निवासी मानेगांव तालाब, रांझी बताया।
तलाशी लेने पर आरोपी की कमर से एक देशी पिस्टल बरामद हुई, जिसकी मैगजीन में एक जिंदा कारतूस लोड था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने करीब आठ-नौ माह पहले आयुष सोनकर उर्फ फंटूस के माध्यम से यह पिस्टल 30 हजार रुपये में खरीदी थी।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पिस्टल और कारतूस जब्त कर उसके विरुद्ध धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार किस स्रोत से लाया गया और इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो नहीं है।







