नशे की गिरफ्त में आ रही युवा पीढ़ी, बच्चों के माध्यम से समाज को जागरूक करने का प्रयास, सेंटपॉल स्कूल में छात्रों ने ली नशामुक्त भारत बनाने की शपथ

कटनी, यशभारत। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार संचालित विशेष जन जागरूकता अभियान नशे से दूरी है जरूरी के अंतर्गत जिले में व्यापक स्तर पर नशा मुक्ति अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य आमजन को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज का निर्माण करना है। इसी क्रम में कोतवाली थाना प्रभारी राखी पाण्डेय द्वारा सिविल लाइन स्थित सेंट पॉल स्कूल में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा सीनियर एवं जूनियर कक्षाओं के सैकड़ों विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों, उससे होने वाले सामाजिक, पारिवारिक एवं स्वास्थ्य संबंधी नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री डॉण् मोहन यादव द्वारा प्रदेशवासियों के नाम दिए गए नशामुक्त भारत के संदेश को प्रोजेक्टर के माध्यम से प्रदर्शित किया गयाए जिसे विद्यार्थियों ने गंभीरता एवं रुचि के साथ देखा।
नशे के दुष्परिणामों से कराया अवगत
विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ को स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों एवं समाज को भी नशे के प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ शपथ ग्रहण की तथा संवाद सत्र में सक्रिय भाग लेते हुए अनेक प्रश्न पूछे और अपने विचार भी साझा किए। विद्यार्थियों को बताया गया कि आज की युवा पीढ़ी तेजी से नशे की गिरफ्त में आती जा रही है, जिससे अपराधों में वृद्धि, पारिवारिक विघटन एवं युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। यदि परिवार का एक सदस्य भी नशे की लत का शिकार हो जाता है तो उसका दुष्प्रभाव पूरे परिवार पर पड़ता है। इसलिए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह स्वयं नशे से दूर रहे और दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों से अवगत कराए। बच्चों को यह संदेश भी दिया गया कि वे विकसित भारत के भविष्य हैं तथा उनका स्वस्थ, शिक्षित एवं संस्कारित होना राष्ट्र निर्माण के लिए अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम को सफल बनाने में थाना प्रभारी राखी पाण्डेय, एएसआई विजय गिरी, प्रधान आरक्षक अनिल सेंगर, वीरेन्द्र सिंह, आरक्षक मंसूर हुसैन, मोहन मण्डलोई, हरिओम सिंह, दिनेश सेन, अजय प्रताप सिंह, दीपक तिवारी, अजीत सिंह एवं रोहित राठौर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।







