मध्य प्रदेशराज्य

सावन के तीसरे सोमवार पर बांदकपुर धाम में आस्था का सैलाब : हजारों श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

दमोह। सावन माह के तीसरे सोमवार को प्रसिद्ध श्री जागेश्वर नाथ धाम बांदकपुर में आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। सुबह मंदिर के पट खुलते ही श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए दूर-दूर से आए भक्तों की लंबी कतारें मंदिर परिसर और मुख्य मार्गों तक दिखाई दीं।

देर सुबह भगवान जागेश्वर नाथ के पट खुलने के बाद भव्य एवं दिव्य आरती संपन्न हुई। इसके पश्चात श्रद्धालु व्यवस्थित रूप से कतारबद्ध होकर बाबा के दर्शन एवं पूजन-अर्चन में जुट गए। मंदिर प्रबंधन के अनुसार दोपहर तक करीब 10 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर चुके थे, जबकि श्रद्धालुओं का आगमन लगातार जारी रहा।

इस दौरान दमोह सांसद राहुल सिंह लोधी भी बांदकपुर पहुंचे और भगवान जागेश्वर नाथ के दर्शन कर प्रदेश एवं जिले की सुख-समृद्धि की कामना करते हुए पूजा-अर्चना की।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए हैं। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। एसडीओपी के.पी. सिंह सहित पुलिस अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।

मंदिर प्रबंधक पंडित रामकृपाल पाठक ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, दर्शन व्यवस्था, बैरिकेडिंग तथा अन्य आवश्यक इंतजाम किए गए हैं, जिससे किसी भी श्रद्धालु को परेशानी का सामना न करना पड़े।

सावन सोमवार के अवसर पर पूरा बांदकपुर धाम “बम-बम भोले” और “हर-हर महादेव” के जयघोष से गुंजायमान रहा। भक्तों में भगवान शिव के प्रति गहरी श्रद्धा और उत्साह देखने को मिला, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button